भोजपुर में पेड़ से लटका शव मिलने से मची सनसनी; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
भोजपुर, बिहार। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के महआंव गांव स्थित मिडिल स्कूल के समीप बगीचे से शुक्रवार की सुबह आम के पेड़ से लटका एक बुजुर्ग किराना दुकानदार का शव बरामद हुआ है। शव के मिलने से गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना बिहिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और पेड़ से लटके शव नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में करवाया। वहीं, बाद में पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक बुजुर्ग बिहिया थाना क्षेत्र के महुआंव गांव निवासी स्व.फिरंगी सिंह के 75 वर्षीय पुत्र राम बचन सिंह एवं वह पेशे से किराना दुकानदार थे। इधर मृतक के भतीजे बिन्दे सिंह ने बताया कि वह गांव में ही किराना का दुकान चलाते थे एवं दुकान पर डीजल व पेट्रोल भी बेचते थे।

गुरुवार की शाम वह गांव में ही किसी व्यक्ति को तेल देने के लिए गए थे। लेकिन वह कब निकले थे यह कोई नहीं देख पाया था। शुक्रवार की अहले सुबह जब गांव का एक युवक बगीचे की ओर शौच के लिए गया था। तभी उसने उनके शव को पेड़ से लटका देखा। जिसके बाद वह गांव में पहुंचा और उसने इसकी सूचना मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके पश्चात उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय थाना को दी।
परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
वहीं, दूसरी ओर मृतक के भतीजे बिंदे सिंह ने हत्या कर पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई है। लेकिन उन्होंने किसी भी व्यक्ति पर आशंका एवं आरोप नहीं लगाया है। वहीं पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृतक किराना दुकानदार की मौत फांसी लगाने के कारण होना प्रतीत होता है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा। जबकि दूसरी ओर पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

