भागलपुर में महिला की हत्या से मची सनसनी; खेत में शराबियों का विरोध करने पर गला रेतकर मार डाला
भागलपुर, बिहार। भागलपुर में एक महिला की गला रेत हत्या कर दी गई। घटना नाथनगर थाना क्षेत्र के छोटी हरिदासपुर के बहियार (खेत) की है। सोमवार सुबह मार्निंग वॉक पर निकले लोगों ने महिला की लाश देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत महिला की पहचान 58 वर्षीय जीरा देवी के रूप में हुई है। मृतक के पुत्र गोलू कुमार ने बताया कि रविवार में उसकी मां खेत गई थी और शाम तक वापस नहीं लौटी। तब परिजनों सहित गांव वाले खोजबीन किए लेकिन रविवार देर रात तक भी वह नहीं मिली। सोमवार की सुबह 7 बजे खेत में महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला और गला रेत कर हत्या किया गया है।

वही इस घटना पर उनके पुत्र का कहना है कि खेत की जोगबारी उसकी मां करती थी और मथुरापुर के कुछ लोग खाना बनाते थे और शराब भी पीते थे जिसका विरोध उसकी मां ने दो दिन पहले किया था। इसके बाद महिला की हत्या कर दी गई। गोलू ने कहा कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले और आरोपियों की गिरफ्तारी करे। पुलिस के अनुसार, हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। अपराधियों ने गला रेतकर महिला की हत्या की है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

