आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह पूरे मॉनसून सत्र से किए गए निलंबित, सभापति ने की कार्रवाई
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को राज्यसभा से पूरे मॉनसून सत्र के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। राज्सभा सभापति आज इसकी घोषणा की। जब सदन की कार्यवाही चल रही थी और सांसद सवाल पूछ रहे थे, इसी दौरान आप सांसद संजय सिंह चेयरमैन की कुर्सी के सामने आकार जोर-जोर से कुछ बोल रहे थे। वो आसन की तरफ हाथ किए हुए थे। इस दौरान सभापति जगदीप धनखड़ लगातार उन्हें अपनी सीट पर बैठने को कह रहे थे। सभापति लगातार संजय सिंह को अपनी जगह पर जाने के लिए कह रहे थे। जब संजय सिंह अपनी सीट पर नहीं गए तो सभापति ने कहा कि आई टेक द नेम आॅफ संजय सिंह.. उन्होंने कहा कि संजय सिंह का मैं नाम लेता हूं। इस दौरान सभापति सदन में नेता पीयूष गोयल की तरफ देखने लगे। गोयल ने कहा कि संजय सिंह की इस तरह की हरकत सही नहीं है। ये सदन के नियमों के खिलाफ है। गोयल ने कहा कि मैं सभापति से आग्रह करता हूं वो संजय सिंह के खिलाफ कार्रवाई करें। सरकार संजय सिंह के सस्पेंशन के लिए प्रस्ताव लाती है कि उन्हें पूरे मॉनसून सत्र के लिए सस्पेंड किया जाए। इसपर सभापति ने कहा कि आप प्रस्ताव लाएं। इसपर गोयल ने कहा कि वह प्रस्ताव ला रहे हैं, कि संजय सिंह को पूरे मॉनसून सत्र के लिए निलंबित कर दिया जाए।
ध्वनिमत से संजय सिंह को किया निलंबित
इस प्रस्ताव के बाद सभापति ने कहा कि संजय सिंह को आसन के खिलाफ लगातार नियमों का उल्लंघन करने के कारण मॉनसून सत्र के बाकी की बची अवधि के लिए सस्पेंड किया जाता है। क्या सदन इस प्रस्ताव को स्वीकार करता है? सत्ता पक्ष के सांसदों ने जोर से हां कहा और सभापति ने इस प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इसके बाद सभापति ने सदन की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
आप सांसदों ने किया विरोध
संजय सिंह को जैसे ही पूरे सत्र के लिए निलंबति करने का फैसला सुनाया गया आप सांसद वेल में आ गए। वो आसन के फैसले का विरोध कर रहे थे। गौरतलब है कि आसन ने अपने फैसले में कहा कि संजय सिंह के बार-बार के व्यवधान के कारण उन्हें मॉनसून सत्र से निलंबित किया जाता है। गौरतलब है कि संजय सिंह इससे पहले भी राज्यसभा से निलंबित हो चुके हैं।


