January 30, 2026

NDA में नीतीश के शामिल होने की अटकलबाजियों के बीच भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना, जदयू नेता भी साथ

पटना। बंगाल के बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है। बिहार में सरकार बदलने व सीएम नीतीश कुमार के पलटने की खबरों के बीच BJP में भी बड़ी हलचल देखी जा रही है। केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर आज दोपहर बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना हो गए। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व का फोन आया और उन्हें तुरंत दिल्ली आने को कहा गया। वही इसके बाद वे दिल्ली के लिए निकल गए। आज शाम ही वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व अन्य नेताओं से मिल सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी जिस फ्लाइट से दिल्ली जा रहे हैं। उसी फ्लाइट से JDU के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी भी दिल्ली जा रहे है। दोनों दलों के दो बड़े नेताओं के एक साथ दिल्ली जाने को बड़ा सियासी घटनाक्रम माना जा रहा है। वही इसके पहले बिहार के सियासी उथलपुथल की खबरों के बीच आज एक और सियासी घटनाक्रम की खबर ने भूचाल मचा दिय है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह पीएम मोदी व बिहार के सीएम नीतीश कुमार की फोन पर बात हुई। नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को फोन पर धन्यवाद कहा है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने के लिए नीतीश कुमार ने पीएम मोदी को धन्यवाद दिया। वही इसके पहले नीतीश कुमार पटना में एक रैली से भी पीएम मोदी को धन्यवाद कहा था। इसके पहले ऐसी खबरें भी आई कि दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की एक बैठक हुई है। इसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व गृह मंत्री अमित शाह के बीच पहले बातचीत हुई। उसके बाद दोनों की पीएम मोदी के साथ बात हुई। तीनों के बीच हुई इस बातचीत में बिहार को लेकर चर्चा होने की खबर है। सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार को लेकर भाजपा के टॉप लीडर्स में बात हुई व उनके NDA में आने से होने वाले नफा-नुकसान पर भी चर्चा हुई। इतना ही नहीं बिहार भाजपा के नेताओं को भी संदेश दिया गया है कि नीतीश कुमार को लेकर सोच समझकर टिप्पणी करें।

You may have missed