बिहार बीजेपी की कमान संभालने के बाद सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी से की मुलाकात, आगामी रणनीति पर हुई चर्चा

पटना। बिहार भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें गुलदस्ता, शॉल और भगवत गीता भेंट की। दोनों के बीच यह शिष्टाचार मुलाकात रही। पीएम मोदी से मुलाकात के बाद सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर उनका आभार जताते हुए लिखा- देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिलकर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। उनके कुशल नेतृत्व में राष्ट्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने मुझे बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर मनोनयन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। पिछले सप्ताह ही सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने बाद में दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात की थी। वहीं सोमवार को पटना में भाजपा की ओर से सम्राट चौधरी को भव्य स्वागत किया गया। सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार में भाजपा को सशक्त करना उनके मुख्य लक्ष्य है। अगले लोकसभा चुनाव में पार्टी को सभी 40 सीटों पर जीत सुनिश्चित कराने की वे पहल करेंगे। बिहार के लोग भाजपा पर सर्वाधिक भरोसा करते हैं और अब 2024 के लोकसभा चुनाव और 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की जोरदार जीत होगी।उन्होंने कहा है कि देश सहित बिहार में भाजपा को सत्तासीन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वे पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।

You may have missed