राज्यपाल और CM नीतीश ने गांधी और शास्त्री को किया नमन : कहा- गांधी जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना होगा

पटना। महात्मा गांधी की 152वीं जयंती को लेकर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। पटना के गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उन्होंने पुष्प अर्पण किया। उनसे पहले बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन सहित कई लोग मौजूद थे। इस दौरान सीएम नीतीश ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों को अपने साथ ही नहीं रखना है बल्कि उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उनके बताए हुए मार्ग पर चलना है। ताकि देश आगे बढ़े, लोग आगे बढ़े।


स्वास्थ्य विभाग वाले आंकड़े पर नहीं दिया जवाब
इसके बाद सीएम नीतीश शास्त्री नगर स्थित लाल बहादुर शास्त्री पार्क गए और देश के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पण किया। इस मौके पर जब सीएम से नीति आयोग की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को लेकर आए आंकड़ों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ नहीं कहा। वह आगे बढ़ गए। जबकि नीति आयोग की तरफ से आए स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े को लेकर बिहार की राजनीति तेज हो गई है। बता दें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कटाक्ष करते हुए नीतीश कुमार पर हमला किया था। उन्होंने कहा था कि पिछले 15 साल में बिहार सरकार ने जो विकास के दावे किए हैं, उसका सच नीति आयोग ने सामने लाकर रख दिया है।

You may have missed