पटना सिटी में संपत्ति हड़पने के विवाद में विधवा की ईंट से कूचकर निर्मम हत्या, परिवार के पांच सदस्यों पर आरोप

पटना सिटी। राजधानी पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में अपनों ने मिलकर संपत्ति हड़पने के लिए एक 45 वर्षीया विधवा की हाथ-पैर बांधकर ईंट से कूचकर जान ले ली। घटना थाना क्षेत्र के टिकिया टोली में मंगलवार को घटी है। पुलिस ने हत्या में आरोपित भतीजी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। अन्य हत्यारोपित की खोज में छापेमारी जारी है।
इस संबंध में मृतका के मौसरा भाई जयराम प्रसाद ने बताया कि मंगलवार की सुबह 9 बजे भाई के ससुरालवालों ने फोन करके बताया कि विधवा बहन के साथ मारपीट की जा रही है। उन्हें काफी चोट लगी है। सूचना पाकर मौसा-मौसी टिकिया टोली पहुंचे। पहुंचने पर उन्होंने देखा कि लगभग विधवा बहन पिंकी देवी को संपत्ति हड़पने के विवाद में भैंसुर, देवर, जेठानी, देवरानी तथा भतीजी ने हाथ-पैर बांधकर ईंट से कूचकर निर्मम हत्या कर दी है।
मौसी के अनुसार विधवा पिंकी का हाथ-पैर बंधा था। मौसरा भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी विधवा बहन पिंकी को जेठ सुरेश महतो, जेठानी मंजू देवी, देवर अनिल महतो, देवरानी किरण देवी तथा भतीजी ज्योति ने हाथ-पैर बांधकर ईंट से कूच-कूचकर हत्या कर दी। स्वजनों के अनुसार विधवा पिंकी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी। हत्या कर हत्यारोपित मौके से फरार हो गए। महिला की लाश को परिजन सुलतानगंज थाना लाए। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कालेज भेजा।
मौसरा भाई ने बताया कि पिंकी के पति सुनील महतो की मौत के बाद जेठ और देवर की नजर विधवा की जमीन पर था। विधवा ने अमीन से नापी कराकर मकान बनाने के लिए बालू गिराई थी। जेठ और देवर जमीन को हड़प लेना चाहते थे। मौसरे भाई का आरोप है कि जमीन हड़पने के उद्देश्य से ही विधवा बहन की हत्या की गई है। परिजनों के बयान पर जेठ, जेठानी, देवर, देवरानी तथा भतीजी ज्योति को घटना में नामजद किया गया है। भतीजी को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है।
