एनडीए प्रत्याशी रोजिना नाजिश ने भरा नामांकन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पहुंचे, जानिए क्या कहा

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए एनडीए प्रत्याशी रोजिना नाजिश के नामांकन में शामिल हुए।

नामांकन के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि रोजिना नाजिश एनडीए की प्रत्याशी हैं। आप सभी को मालूम है कि कोरोना के कारण कुछ दिन पहले विधान पार्षद तनवीर अख्तर का निधन हो गया था।

हमलोगों ने तय किया कि उनकी पत्नी रोजिना नाजिश को प्रत्याशी बनाया जाए। बाहर से आने वाले लोगों में कोरोना मिलने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बारे में जो रिपोर्ट मिली थी वो सही नहीं थी।

हमलोग इसके लिए चिंतित थे व स्वास्थ्य विभाग को इस संबंध में पूरी जानकारी लेने को कहा था। जो रिपोर्ट आई है, उसके बारे में स्वास्थ्य मंत्री विस्तार से बताएंगे। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि विभाग ने उसकी पूरी जांच करवाई है।

कल 148 सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, बुधवार की सुबह ही मेरी जिलाधिकारी मधुबनी से भी बात हुई है, सभी के परिणाम निगेटिव आए हैं। जब हमलोगों ने क्रास चेक किया तो पता चला कि वहां एक भी केस पॉजिटिव नहीं है।

प्रदेश के सरकारी सेवकों पर हो रही छापेमारी के पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो नियम कानून है उसके अनुसार सब पर कार्रवाई होती है। अगर किसी पर कोई आरोप लगता है तो उसकी पूरी जांच की जाती है। यह पुलिस का काम है।

नामांकन में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री  मुकेश सहनी, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष  संजय जायसवाल सहित बिहार सरकार के मंत्रीगण एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे ।

About Post Author

You may have missed