फतुहा : पटना निवासी को अपराधियों ने फोरलेन पर हथियार के बल पर लूटा

फतुहा। बुधवार की सुबह छह बजे के करीब भिखुआ मोड़ के पास फोरलेन पर पांच छह की संख्या में हथियारबंद अपराधियों ने एक बाइक सवार से हथियार के बल पर उसकी बाइक, 87 सौ रुपए तथा मोबाइल फोन लूट लिए। घटना से हतप्रभ बाइक सवार तत्काल फतुहा थाने पहुंचा तथा लिखित सूचना पुलिस को दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया लेकिन एक भी अपराधी पुलिस के हाथ नहीं लगे।
पीड़ित बाइक सवार पटना के कंकड़बाग अशोक नगर निवासी कार्तिक रमण ने बताया कि वह अशोक नगर से बाइक द्वारा अपने पैतृक गांव ग्यासपुर महाजी जा रहा था। ग्यासपुर महाजी में उसके पिता की पीडीएस दुकान है। वह पीडीएस दुकान को हीं खोलने जा रहा था तभी भिखुआ मोड़ के पास एक बाइक पर सवार अपराधी ने उसके बाइक में टक्कर मार कर गिरा दिया। सड़क पर गिरते ही पांच-छह हथियारबंद अपराधी उसे घेर लिया तथा हथियार का भय दिखाकर बाइक, मोबाइल व नकदी लूट लिए। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
विदित हो कि बीते 27 मई को भी फोरलेन आरओबी के पास सुबह ही खुसरुपुर के शफीपुर निवासी दीपक कुमार से भी अपराधियों ने उसकी बाइक व नकदी लूट लिए थे तथा विरोध किए जाने पर फायरिंग कर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस की नींद उड़ गई थी तथा फोरलेन पर गश्ती बढ़ा दिया था। लेकिन बीते कुछ दिनों से फोरलेन पर भिखुआ मोड़ के पास असमाजिक तत्वों का अड्डा बना हुआ है। बीते पांच मई को नालंदा के बैंक कर्मी की हत्या भी इसी जगह के पास अपराधियों ने सुबह-सुबह कर दिया था। दो दिन पहले भी इसी जगह पर बोलेरो सवार बदमाशों ने शादी की नियत से एक किशोर को अगवा कर लिया था। हालांकि दोनों मामले में पुलिस ने तत्परता से उद्भेदन कर दिया है।
