November 18, 2025

पटना में आज होगी राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, लालू करेंगे अध्यक्षता, पारित होंगे कई प्रस्ताव

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से 10 महीने पहले पटना में आज आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। मीटिंग में पार्टी सुप्रीमो लालू यादव नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य शामिल होंगे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव, संगठन को कैसे मजबूत किया जाए और विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि मार्च तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद अप्रैल तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव पूरा हो जाएगा। बिहार विधानसभा चुनाव-2025 में तेजस्वी यादव महागठबंधन से सीएम फेस होंगे। ये प्रस्ताव पारित होगा। नेताओं और कार्यकर्ताओं को ये क्लियर कर दिया जाएगा कि अब जदयू को महागठबंधन में शामिल नहीं किया जाएगा। साथ ही आरजेडी के संगठनात्मक चुनाव के कार्यक्रम का ऐलान किया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को जेडीयू के पूर्व सांसद मंगनीलाल मंडल आरजेडी में शामिल हुए। तेजस्वी यादव ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मंगनीलाल मंडल को भी जगह मिल सकती है। अगर जगदानंद सिंह मीटिंग में शामिल नहीं होते हैं तो मंगनीलाल मंडल को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। वहीं स्वागत भाषण देंगे। उपचुनाव में मिली हार के बाद जगदानंद सिंह ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर पद छोड़ने की बातें शीर्ष नेतृत्व को कही थी। साथ ही उन्होंने ऑफिस आना बंद कर दिया था। इसके बाद उनको घर से ही मार्च तक काम करने को कहा गया है। पार्टी में नए प्रदेश अध्यक्ष की खोज तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि पार्टी सिंह की तरह अनुशासन प्रिय और साफ छवि के नेता की तलाश कर रही है। अगला अध्यक्ष तेजस्वी यादव की पसंद का हो सकता है।

You may have missed