कांग्रेस सांसद का बड़ा दावा : बिहार में जल्द बनेगी राजद की सरकार

पटना। बिहार की सियासत एक बार फिर गरमाने लगी है। कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने बड़ा दावा कर सियासी गलियारे में चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सांसद अखिलेश सिंह ने कहा है कि बिहार में जल्द ही नई सरकार बनेगी, जिसका नेतृत्व राजद करेगी। साथ ही अखिलेश सिंह ने बिहार सरकार कोरोना पर नियंत्रण करने में पूरी तरह से फेल्योर बताया।
एक समाचार चैनल से बात करते हुए राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि नीतीश सरकार अब चंद महीनों की है। जल्द ही राज्य में महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी और मुकेश सहनी एनडीए के भीतर घुटन महसूस कर रहे हैं।
बिहार में सीटों का समीकरण : बिहार विधानसभा के 243 सीटों में से एनडीए के पास वर्तमान में 127 सीट है। वहीं हम और वीआईपी पार्टी के पास 4-4 सीट है। बिहार विधानसभा में राजद के पास सीटों की संख्या 75 है, जबकि महागठबंधन के पास कुल 110 सीट है। अगर हम और वीआईपी महागठबंधन के हिस्सा बनते हैं तो कुल सीटें 118 हो जाएगी इसके बाद भी सरकार बनाने के लिए महागठबंधन को 4 और सीटों की जरूरत होगी।
कांग्रेस में होना है बदलाव : बिहार में सियासी सरगर्मी के बीच कांग्रेस में बदलाव होना है। पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष का जल्द ही मनोयन होना है। राज्य में हार के बाद से ही कांग्रेस में बदलाव की मांग उठ रही है।
