August 11, 2025

उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को बताया सही, कहा- वैक्सीन बनवाने में सरकार का खरबों रुपए हुआ खर्च

बगहा। बिहार की उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता रेणु देवी ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को सही बताते हुए कहा कि ‘कोरोना वैक्सीन बनवाने में सरकार का खरबों रुपए खर्च हुआ है। लोगों को इसकी भी चिंता करनी चाहिए। वैक्सीन लगवाकर हम स्वस्थ रहेंगे, तो आगे भी पैसा कमाते रहेंगे।’ बगहा में एक शुगर मिल के पेराई सत्र का उद्घाटन करने पहुंची उपमुख्यमंत्री ने बारिश और पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों की वजह से गन्ना किसानों को हो रहे नुकसान के सवालों पर यह बात कही।
जो लोग सवाल कर रहे हैं, वे प्रोपेगंडा कर रहे
उन्होंने कहा कि जो लोग पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सवाल कर रहे हैं, वे प्रोपेगंडा कर रहे हैं। मैं जनता और किसान भाईयों से अपील करना चाहती हूं कि सरकार ने 100 करोड़ लोगों के लिए वैक्सीन बनवाने में खरबों-खरब रुपए खर्च किए हैं। वैक्सीन लगवाकर लोगों को सुरक्षित किया है। हमने छोटे-छोटे बच्चों को वैक्सीन लगवाकर उनका भविष्य सुरक्षित किया है। लोगों को इस बात को महसूस करना चाहिए। कहा कि अभी 10 रुपए तक डीजल का दाम कम हुआ है, आगे भी निश्चित रूप से कम होगा।
गन्ना किसानों से कहा- संयम बरतें
उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान गन्ना किसानों से कहा कि संयम बरतें। सरकार आपको मुआवजा देगी। किसानों का कहना था कि लगातार भारी बारिश से फसल को बहुत नुकसान हुआ है। उस पर पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों ने इसके उत्पादन लागत को भी बढ़ा दिया है। सामान्य गन्ने के लिए वर्तमान कीमत 315 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित है।

You may have missed