दो हजार करोड़ के टेंडर घोटाले के आरोपी टेंडर माफिया रिशु श्री को स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने किया गिरफ्तार
- अप्रैल 2025 में हुआ था एफआईआर कई बड़े आईएएस अधिकारियों की जान बसी है इस तोते में..
पटना, (बन बिहारी)। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने पटना के टेंडर माफिया ठेकेदार रिशु श्री के विरुद्ध भ्रष्टाचार के दर्ज मामले में पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है। इकाई के वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि रिशु श्री को जेल भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर न्यायालय से रिमांड लेकर उससे पूछताछ की जा सकती है। गौरतलब है कि एसवीयू ने बुधवार को रिशु श्री के पटना स्थित आवासीय परिसर की जांच की थी। इस दौरान उसके घर से करीब 2 करोड़ रुपये का सोना, ढाई लाख नगद और 61 सेल डीड के पेपर बरामद हुए थे। उल्लेखनीय है कि मनी लॉन्ड्रिंग तथा ठेकों में अनियमितता के आरोप में संजीव हंस तथा पूर्व विधायक गुलाब यादव के खिलाफ ईडी के द्वारा किए गए छापेमारी के दौरान एक बड़ा हैरत अंगेज नाम उभर कर सामने आया था रिशु श्री उर्फ रिशु रंजन सिन्हा। इसी वर्ष 2025 के अप्रैल माह में स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने रिशु श्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया था। चार्ज शीट के अनुसार आरोप उल्लेखनीय है कि बिहार के कई करप्ट आईएएस अधिकारियों से गोपनीय साठगांठ के बदौलत बिहार में विभिन्न विभागों के सैकड़ों करोड़ के निविदाओं को बाहरी कंपनियों के लिए मैनेज करके रिशु श्री उर्फ रिशु रंजन सिन्हा ने बिहार के नीतीश सरकार में तकरीबन 2 हजार करोड़ से अधिक के बिग टेंडर स्कैम को अंजाम दिया है। इस बिग टेंडर स्कैन को लेकर रिशु रंजन सिन्हा उर्फ रिशु श्री के खिलाफ बिहार की स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने एफआईआर दर्ज करने के उपरांत जांच कर रही है।


