राज्य में अगले तीन दिनों तक नहीं मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, सीमांचल में तेज बारिश के साथ वज्रपात का अलर्ट

पटना। बिहार में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा और तापमान चालीस डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा। सीमांचल इलाके में आंधी के साथ बारिश की संभावना है और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। यह स्थिति कम से कम 48 घंटों तक बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। पूर्णिया समेत सीमांचल में खतरनाक बादल मंडरा रहे हैं और अचानक तेज हवाएं चलने पर वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग के पटना केंद्र ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा कि झारखंड से पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रहे चक्रवाती परिसंचरण का असर सीमांचल और हिमालय की तराई क्षेत्र में देखने को मिलेगा। यह असर कम से कम 48 घंटों तक रहेगा। बुधवार की रात 2:00 बजे से 3:30 बजे तक तेज हवा, मध्यम वर्षा और लगातार वज्रपात से पूर्णिया दहल गया। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रही। गुरुवार की सुबह 6:00 से 7:00 बजे के बीच भी इसी तरह की वर्षा और तेज हवा चली। गुरुवार को राज्य का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस था। पिछले 24 घंटों में 30.2 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के लोगों को रविवार तक उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। दक्षिण बिहार के मुकाबले उत्तर बिहार में तापमान कम रहने के आसार हैं क्योंकि थंडरस्टॉर्म की गतिविधि अधिक होगी। दक्षिण बिहार में भी बीच-बीच में थंडरस्टॉर्म की गतिविधि हो सकती है, जिससे कुछ घंटों के लिए उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन उसके बाद फिर उमस भरी गर्मी बढ़ेगी। राज्यभर में औसत तापमान 38 से 40 डिग्री तक रहने का अनुमान है। राजधानी पटना में थंडरस्टॉर्म के कारण 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली, जिससे कई जगहों पर पेड़ गिर गए। इसमें एक व्यक्ति के जान-माल की क्षति की सूचना है। सुबह के समय बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद सूरज की तपिश ने राजधानीवासियों को परेशान किया। प्रदेश के अधिकतर शहरों में गुरुवार को थंडरस्टॉर्म के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई। पटना सहित 6 शहरों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, जबकि 29 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश का सबसे गर्म जिला 41.1 डिग्री सेल्सियस के साथ वैशाली रहा।

You may have missed