मोदी मंत्रिमंडल में जल्द होगा बड़ा फेरबदल, कई राज्यों से नए चेहरों को मिलेगी जगह

- 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर पीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने की मैराथन बैठक, भाजपा अध्यक्ष भी रहे मौजूद
नई दिल्ली। देश में अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव और कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। मोदी कैबिनेट और भाजपा संगठन में फेरबदल की अटकलों के बीच बुधवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद थे। इस बैठक के बाद कोई आधिकारिक बयान तो नहीं जारी किया गया मगर जानकार सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान समान नागरिक संहिता, अगले लोकसभा चुनाव, विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव और सरकार व संगठन में फेरबदल पर गहराई से मंथन किया गया। माना जा रहा है कि जल्द ही इस दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक जुलाई के पहले सप्ताह में मोदी कैबिनेट में फेरबदल हो सकता है।
धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी
जानकार सूत्रों का कहना है कि बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव को और बड़ी जिम्मेदारी देने के मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा हुई है। इसके साथ ही गुजरात और कर्नाटक समेत तीन राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों का भी जल्द ही ऐलान किया जा सकता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की इस अहम बैठक के दौरान लिए गए फैसलों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है मगर जानकार सूत्रों का कहना है कि इस बैठक के दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर गंभीर मंथन किया गया है। मोदी कैबिनेट में फेरबदल पर भी गंभीर चर्चा की गई है और संसद के मानसून सत्र से पहले इस दिशा में कदम उठाया जा सकता है। संसद का मानसून सत्र 17 जुलाई से शुरू होने की उम्मीद है। मानसून सत्र 10 अगस्त तक चल सकता है। माना जा रहा है कि इसके पहले ही पीएम मोदी अपनी कैबिनेट में फेरबदल का काम पूरा कर लेंगे। पिछले चार साल के दौरान अभी तक सरकार में सिर्फ एक बार फेरबदल हुआ है। जानकारों के मुताबिक सरकार में अहम जिम्मेदारी निभा रहे कई वरिष्ठ मंत्रियों को संगठन में भेजने की तैयारी है।
समान नागरिक संहिता पर गंभीर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका यात्रा से लौटने के तुरंत बाद एही भोपाल में मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए समान नागरिक संहिता की दमदार वकालत की थी। उनका कहना था कि जब दो कानूनों से घर नहीं चलाया जा सकता तो फिर देश ऐसी व्यवस्था से कैसे चलेगा। माना जा रहा है कि भाजपा अब इस मुद्दे को गरमाने की तैयारी में जुट गई है और इस संबंध में भी बैठक के दौरान गंभीर चर्चा की गई है। पार्टी को इस मुद्दे पर कुछ विपक्षी दलों का समर्थन भी मिलने लगा है। आम आदमी पार्टी और जेडीयू ने चर्चा के बाद इसे लागू करने की वकालत की है। अब भाजपा की ओर से इस मुद्दे पर आक्रामक रवैया अपनाने की तैयारी है।
भाजपा संगठन में होगा बड़ा फेरबदल
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी मंथन हुआ है। भाजपा संगठन में फेरबदल को लेकर पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और संगठन महासचिव बीएल संतोष के बीच कई दौर की चर्चा हो चुकी है।
इन चर्चाओं से निकले निष्कर्ष पर अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहर का इंतजार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि जुलाई के पहले हफ्ते के दौरान इस दिशा में भी बड़ा कदम उठाया जा सकता है।
