February 25, 2026

सोनिया-राहुल के नेतृत्व में 12 दिसंबर को दिल्ली में महंगाई हटाओ रैली, शामिल होगी बिहार कांग्रेस

पटना। बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा के नेतृत्व में प्रदेश के सभी जिले के कांग्रेस नेता अगले माह 12 दिसंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में विशाल ‘महंगाई हटाओ रैली’ में शामिल होंगे। डॉ. झा ने सभी प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा और फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजन को निर्देश दिया है कि अधिकाधिक संख्या में कांग्रेसजनों को दिल्ली ले जाने की तैयारी करें। ताकि कांग्रेसजन केंद्रीय नेतृत्व के सहयोग में इस कार्यक्रम में शामिल हों।
इस आशय का पत्र अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी ने सभी राज्यों के लिए जारी किया है। बताते चलें विगत 14 नवंबर से कांग्रेस पार्टी द्वारा पूरे देश के सभी जिले से लेकर प्रखंड स्तर तक महंगाई के खिलाफ पदयात्रा, जनजागरण अभियान और धरने के आयोजन किया जा रहा है। इसी को राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली के द्वारका के रामलीला मैदान में देशभर के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जुटान होना सुनिश्चित हुआ है।
उक्त पत्र के आलोक में बिहार कांग्रेस कमिटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन राजेश राठौड़ ने बताया कि आसमान छूती महंगाई के खिलाफ प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेसजन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और जनता का व्यापक समर्थन उन्हें मिल रहा है। इसी कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर पर आगामी 12 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी।

You may have missed