यूट्यूबर मनीष कश्यप को मदुरै कोर्ट से बड़ी राहत, तमिलनाडु हिंसा मामले में हटाया गया एनएसए

पटना। तमिलनाडु में प्रवासी बिहारियों के साथ मारपीट और हिंसा के कथित मामले में फंसे बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप को बड़ी राहत मिली है। रिपोर्ट के मुताबिक मदुरै कोर्ट ने त्रिपुरारी कुमार उर्फ मनीष कश्यप की जमानत अर्जी को मंजूर कर लिया है। इसके साथ ही मनीष पर लगाए गए एनएसए की धाराओं को भी हटा लिया है। कश्यप के समर्थकों और परिजनों में इससे काफी खुशी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार बहस के बाद कोर्ट ने एनएसए हटाने का निर्देश दिया है। हालांकि इसपर आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। मनीष कश्यप के वकील का कहना है कि शाम 5 बजे कोर्ट का लिखित आदेश आने के बाद ही कुछ कह सकेंगे। वही कोर्ट में कई दिनों तक लंबी सुनवाई चली जिसके बाद मनीष कश्यप पर दो राज्यों के बीच आंतरिक गतिरोध फैलाने के आरोप में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाया गया था जिसके बाद लंबे समय तक मनीष कश्यप तमिलनाडु की जेल में बंद थे। उसके बाद बिहार के एक मामले की सुनवाई के लिए उन्हें बेतिया कोर्ट में पेश किया गया जिसके बाद मनीष कश्यप वर्तमान समय में पटना के बेऊर जेल में बंद है। मनीष कश्यप के खिलाफ बिहार में 13 और तमिलनाडु में 14 मामले दर्ज हैं। बिहार में ईओयू ने उसके खिलाफ 3 मामले दर्ज कर रखे हैं। इसी पर कार्रवाई करते हुए मनीष के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया था। इसके बाद बिहार पुलिस की टीम मनीष के घर पर कुर्की-जब्ती के लिए पहुंची तो 18 मार्च को मनीष ने थाने में सरेंडर कर दिया था। इसके बाद मनीष से ईओयू पूछताछ की। फिर उसे ट्रांजिट रिमांड पर तमिलनाडु पुलिस अपने साथ ले गई थी।
