सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग का चलेगा रिफ्लेक्टिव टेप जांच अभियान, जारी हुई एडवाइजरी

पटना। अगर आप बिहार की राजधानी पटना में निवास कर रहे हैं और आप भी अपने दैनिक कार्यों के लिए अपने चार पहिया वाहन का प्रयोग करते हैं तो यह खबर आपके लिए काम की खबर होने वाली है। जानकारी के अनुसार राज्य परिवहन विभाग राज्य में ठंड और कोहरे के बढ़ते प्रभावों को देखते हुए अब एक्शन में आ चुका है और कोहरे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग बड़े पैमाने पर सर्च अभियान चलाएगा। इसकी जानकारी परिवहन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने दी है। उन्होंने बताया कि राज्य में कोहरे के दौरान सुरक्षित वाहन परिचालन के लिए जिलों में रिफ्लेक्टिव टेप जांच अभियान चलाया जाएगा। दरअसल, ठंड में धुंध के दौरान सड़क हादसे बढ़ जाते हैं। इसी चीज पर लगाम लगाने के लिए परिवहन विभाग ने इस संबंध में बिहार में अधिसूचना जारी कर दी है और राज्य में बड़े पैमाने पर इसके लिए जांच अभियान चलाया जाएगा।

रिफ्लेक्टिव टेप जांच अभियान के लिए परिवहन विभाग ने दिए बड़े निर्देश

कोहरे और ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए परिवहन विभाग बिहार में अपने इस जांच अभियान को तेज करेगा। इसके तहत अगर वाहन में यह व्यवस्था नहीं पाई जाएगी तो वाहन मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ-साथ अपने द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में परिवहन विभाग ने कुछ पढ़े निर्देश दिए हैं जो इस प्रकार से है।

आइआरसी 35 मानकों के अनुरूप सड़क पर लेन मार्किंग करवाना।

सड़क के आस-पास के मकानों तथा पेड़ पर आब्जेक्टिव हैजार्ड्स मार्कर तथा रिफ्लेक्टिव टेप लगाना।

आइआरसी 35 मानकों के अनुरूप रेट्रो रिफ्लेक्टिव स्टड्स/कैट्स आई का अधिष्ठापन।

सूचनात्मक तथा चेतावनी से संबंधित सुरक्षा चिह्न लगाना एवं पहले के चिह्नों की मरम्मत की जाएगी।

पुल-पुलियों के आस-पास क्रैश बैरियर का अधिष्ठापन का काम किया जाएगा।

ठंड और कोहरे के मौसम में परिवहन विभाग ने बिहार के वाहन चालकों से की खास अपील

इसके साथ-साथ राज्य परिवहन विभाग ने बिहार के लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वह गाड़ी चलाते समय परिवहन विभाग द्वारा बनाए गए सभी नियमों का सही से पालन करें और सुरक्षित यात्रा का अनुभव करें। इसके साथ साथ ठंड और कोहरे के मौसम में वह गाड़ी चलाते समय अपने वाहन पर रेडियम स्टीकर्स जरूर लगाएं। इसके साथ साथ कोहरे में आगे जा रहे वाहन से अपने वाहन की दूरी रखें। साथ ही अपने वाहन में फॉग लाइट जरूर लगवाएं।

You may have missed