RCP बोले- विपक्ष ने सदन से लेकर सड़क तक जो किया, उसके पीछे सत्ता नहीं पाने का दर्द

  • जदयू के 19 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

पटना। जदयू के 19 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शनिवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह थे। अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने की और संचालन जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। अन्य प्रशिक्षकों के अलावा ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी आज प्रशिक्षक के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीण विकास की योजनाएं एवं समस्याएं विषय पर प्रशिक्षण दिया। वहीं राष्ट्रीय सचिव रवीन्द्र सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली, मनीष बरियार ने नेतृत्व सफलता की ओर बढ़ते कदम तथा आशीष प्रकाश ने सामुदायिक संचार विषय पर प्रशिक्षण दिया। इस दौरान आरसीपी सिंह एवं उमेश कुशवाहा ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं तथा कोरोना को ध्यान में रखते हुए इसे सावधानीपूर्वक मनाने को कहा।
वे अपने-अपने प्रखंड के नीतीश कुमार
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रखंड अध्यक्षों ने इन दो दिनों में जो प्रशिक्षण लिया उसे नीचे तक पहुंचाएं। उनके ऊपर बड़ा दायित्व है। उन्हें ध्यान रहे कि वे अपने-अपने प्रखंड के नीतीश कुमार हैं। उन्होंने कहा कि आज दिग्भ्रमित करने वालों की कमी नहीं, इसलिए अपनी पार्टी के विचारों और अपने नेता के कार्यों को लगातार बताते रहने की जरूरत है। हमें ध्यान रखना है कि हम सशक्त तब बनेंगे जब दूसरों को सशक्त बनाएंगे।
लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं
श्री सिंह ने कहा कि इधर बिहार में विपक्ष ने सदन से लेकर सड़क तक जो किया उसके पीछे सत्ता नहीं पाने का दर्द है। वे निराश और हताश लोग हैं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं। अपने हिंसक और अमर्यादित आचरण से उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा। वे हमारे नेता से संस्कार सीखें। हमारे नेता, हमारी पार्टी और हमारी सरकार ने आज तक कोई गलत काम नहीं किया। हमें मयार्दा में रहते हुए लेकिन पूरी मजबूती से लोकतंत्र के प्रतिकूल हर आचरण का जवाब देना है। श्री सिंह ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का झंडा गाड़ा। उनके नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से बिहार को नई पहचान मिली।


सीटों की संख्या से हमें परेशान नहीं होना है : उमेश
वहीं प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि जदयू ने कई उतार-चढ़ावों को झेला है। सीटों की संख्या से हमें परेशान नहीं होना है। अपने नेतृत्व और अपने संघर्ष पर भरोसा रखें और विपक्ष को जवाब दें। जिन प्रखंडों में हम हारे वहां जनता से सीधा संवाद करें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही सारे जिलों और प्रखंडों को नई तकनीक से जोड़कर मॉनिटरिंग और मूल्यांकन की व्यवस्था की जा रही है।
मंत्री बोले, एक करोड़ 26 लाख महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने विस्तार से ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि जिन गरीबों तक इन योजनाओं का लाभ किसी कारणवश नहीं पहुंचा हो, उन तक इसका लाभ पहुंचाना हम सबका दायित्व है। वहीं, जीविका को लेकर उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजक्ट है। इसके माध्यम से हमने एक करोड़ 26 लाख घरों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया, उन घरों तक रोजगार पहुंचाया। वहीं दूसरी ओर लोग 10 लाख नौकरी का केवल झांसा देकर चर्चा पा लेते हैं। हमें अपने नेता के कार्यों को एक-एक घर तक पहुंचाना है।

You may have missed