December 8, 2025

40 दिनों की पैरोल पर जेल से बाहर आया राम रहीम, लेने गई हनीप्रीत तो लोगों ने किया ट्रोल

हरियाणा। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की चर्चा फिर एक बार होने लगी है। दरअसल हरियाणा की सुनारिया जेल में कारावास की सजा काट रहे डेरा प्रमुख एक बार फिर जेल से बाहर आ चुका है। 40 दिन की पैरोल मिली जिसके बाद शनिवार की सुबह 6:55 पर गुरमीत राम रहीम जेल से बाहर निकला। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उसे लेने खुद हनीप्रीत पहुंची थी। जेल से निकलने के बाद राम रहीम बागपत के लिए रवाना हो गया। बताया जा रहा है कि पैरोल की अवधि के दौरान वह बागपत में ही समय बिताएगा। इससे पहले खबर आयी थी कि सुनारिया जेल में कारावास की सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह की 40 दिन की पैरोल अर्जी स्वीकार कर ली गयी है। यह कदम आदमपुर विधानसभा उपचुनाव से ठीक पहले उठाया गया जिसके बाद से राजनीति तेज हो गयी है। यहां चर्चा कर दें कि आदमपुर में तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं।
जून में एक महीने की पैरोल
यदि आपको याद हो तो इससे पहले, डेरा प्रमुख को जून में एक महीने की पैरोल पर रिहा किया गया था और फरवरी में उसकी तीन सप्ताह की फर्लो मंजूर करने का काम किया गया था। गौर हो कि गुरमीत राम रहीम डेरा के सिरसा स्थित मुख्यालय में अपने आश्रम पर दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के दोष में 20 साल कारावास की सजा काट रहा है। डेरा प्रमुख राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला में सीबीआई की एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था।

You may have missed