February 10, 2026

बिहार में बारिश से बढ़ेगी ठंड, येलो अलर्ट जारी, 10 के बाद कम होने लगेगी ठंड

पटना। बिहार में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की आशंका है, जिससे ठंड का असर एक बार फिर बढ़ सकता है। वहीं, कोहरे को लेकर राज्य के पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले तीन दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। खासकर सुबह और देर रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। रात के न्यूनतम तापमान में सामान्य से 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि राहत की बात यह है कि 10 फरवरी के बाद धीरे-धीरे ठंड का प्रभाव कम होने की संभावना जताई गई है। राज्य के कई जिलों में पहले से ही घने कोहरे का असर देखा जा रहा है। नालंदा, गोपालगंज और बगहा में सुबह-सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। मधुबनी में दृश्यता करीब 100 मीटर तक सिमट गई है। हालात ऐसे रहे कि लोगों को दिन में भी गाड़ियों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। कोहरे का असर रेल परिचालन पर भी दिखा है। अमृत भारत एक्सप्रेस करीब आठ घंटे की देरी से चल रही है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार में घना कोहरा बनने के पीछे कई प्राकृतिक कारण जिम्मेदार हैं। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, लेकिन इसके प्रभाव से वातावरण में नमी बनी हुई है। रात के समय तापमान गिरने और दिन में हल्की धूप निकलने के कारण हवा में मौजूद जलवाष्प ठंडी सतह से टकराकर पानी की सूक्ष्म बूंदों में बदल जाती है, जो आगे चलकर कोहरे का रूप ले लेती हैं। इसके अलावा हवा की रफ्तार बेहद कम होने की वजह से नमी फैल नहीं पा रही है। यही कारण है कि सुबह के समय कोहरा ज्यादा घना नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र के मुताबिक राज्य में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत मिल रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर कम होगा। अनुमान है कि बिहार में 8 फरवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है, लेकिन बिहार पर इसका सीधा असर पड़ने की संभावना कम है। राजधानी पटना में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध देखी जा सकती है, लेकिन घने कोहरे की संभावना कम बताई जा रही है। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का अहसास बना रहेगा। मौसम केंद्र के अनुसार अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। अगले 48 घंटों में राजधानी का न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार कम रहने के कारण सुबह के समय ठंड और धुंध बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, खासकर सुबह के समय अनावश्यक यात्रा से बचें और जरूरी होने पर फॉग लाइट का प्रयोग करें। बिहार में फिलहाल मौसम का मिजाज बदला-बदला सा बना हुआ है। जहां एक ओर हल्की बारिश और तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ने के आसार हैं, वहीं फरवरी के दूसरे सप्ताह से राहत मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है। ऐसे में आम लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की जरूरत है।

You may have missed