December 6, 2025

बिहार के 19 जिलों में आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी, पटना में 17 के बाद बदलेगा मौसम

पटना। बिहार में मानसून दस्तक दे दी है। मंगलवार की शाम मधेपुरा, मुंगेर, सीतामढ़ी और पूर्वी चंपारण में आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, बुधवार को राज्य के 19 जिलों में आंधी और बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 19 जिलों में बारिश और 9 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून तक मानसून पटना पहुंचेगा। वहीं, 17 जून तक पूरे राज्य में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि किशनगंज, मधेपुरा, खगड़िया, शेखपुरा होते हुए 15 जून तक पटना, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी मानसून पहुंचेगा। इसके बाद 16 और 17 जून तक गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, शिवहर सहित अन्य हिस्से में इसका प्रभाव दिखेगा। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में बारिश की संभावना जताई हैं। वहीं, प्रदेश के 9 जिलों में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। इसमें पटना, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा और शेखपुरा शामिल हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान भोजपुर और औरंगाबाद जिला सबसे गर्म रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पटना का 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

You may have missed