राहुल विपक्ष की भूमिका निभा नहीं पाते, केवल करते हैं गुमराह : अश्विनी चौबे
- विपक्ष द्वारा संसद नहीं चलने देना दुर्भाग्यपूर्ण
पटना। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य व सार्वजनिक वितरण, वन पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी पार्टियों द्वारा संसद के दोनों सदनों को नहीं चलने देने की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं निभा पा रहे हैं, केवल गुमराह करने का काम करते हैं। जनता इनके सारे क्रियाकलाप को देख रही है।
प्रेस बयान जारी कर केंद्रीय मंत्री श्री चौबे ने कहा कि राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के बार-बार आग्रह के बावजूद भी कांग्रेस सहित विपक्षी पार्टियों ने दोनों सदनों को नहीं चलने दिया। जनता की समस्याओं को सदन में उठाने से अन्य सांसदों को भी रोका। इससे यही पता चलता है कि विपक्ष को जन सरोकार के मुद्दों से कोई मतलब ही नहीं है। सिर्फ हंगामा करना और बेवजह इसे बाधित कर नहीं चलने देना ही इनका लक्ष्य है। श्री चौबे ने आगे कहा कि विपक्षी पार्टियों के सांसदों के ऐसे जन विरोधी रवैये से जनता भी परेशान है।


