कांग्रेस के लिए भस्मासुर साबित हो रहे राहुल गांधी : प्रभाकर मिश्र
- कांग्रेस को डुबोकर ही दम लेंगे ‘युवराज’, ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ पर झूठ का सुनियोजित प्रोपेगेंडा फैला रहे राहुल
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी के लिए भस्मासुर साबित हो रहे हैं। जिनके हाथ में पार्टी की बागडोर है, वही उसे राजनीतिक रसातल में पहुंचाने का काम कर रहे हैं। राहुल न तो गंभीर नेता हैं, न ही उनके पास कोई ठोस नीति, नीयत और नेतृत्व क्षमता है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि संसद जैसा सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच भी राहुल गांधी की अपरिपक्व राजनीति से अछूता नहीं रहा। बजट सत्र के दौरान उनका व्यवहार न केवल संसदीय परंपराओं के खिलाफ था, बल्कि पूरे देश ने देखा कि किस तरह उन्होंने सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई। यह लोकतंत्र नहीं, बल्कि अराजकता की राजनीति है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक इतिहास झूठ, भ्रम और दुष्प्रचार से भरा पड़ा है। अब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ को लेकर भी वे सुनियोजित तरीके से झूठ का रायता फैला रहे हैं। पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे स्वयं स्पष्ट कर चुके हैं कि उक्त पुस्तक का प्रकाशन नहीं हुआ है। प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया भी यही बात कह चुका है। इसके बावजूद अगर कोई पुस्तक की कथित प्रति लहराकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है, तो यह सीधा-सीधा फर्जीवाड़ा और देश की संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश है। चाहे वह कितना भी रसूखदार व्यक्ति क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा प्रकाशक को नोटिस भेजा जाना इस बात का प्रमाण है कि सच्चाई सामने लाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। झूठ की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता ने कई बार नकारा है, लेकिन वे आत्ममंथन करने के बजाय हर बार नए झूठ का सहारा लेते हैं। कांग्रेस की दुर्दशा का सबसे बड़ा कारण उसका गैर-जिम्मेदार नेतृत्व है। अगर यही स्थिति रही तो कांग्रेस को राजनीतिक रूप से पुनर्जीवित होना असंभव हो जाएगा। भाजपा स्पष्ट करना चाहती है कि देश की सेना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संसद की गरिमा से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।


