पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के नेतृत्व में हजारों लोगों ने दी महान समाजवादी नेता डॉ रघुवंश सिंह को श्रद्धांजलि
पटना।महान समाजवादी नेता तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर पर लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला-अनु शुक्ला तथा उनके हजारों समर्थकों ने लालगंज के तीनपुलवा चौक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि व्यक्त की।बड़ी संख्या में लोगों के हुजूम ने तीनपुलवा पर स्व- रघुवंश प्रसाद सिंह के पार्थिव शरीर को नमन करते हुए नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस मौके पर लालगंज के पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला ने कहा कि डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह पार्टी, जाति तथा वर्ग से ऊपर उठकर राजनीतिक जगत के अजातशत्रु है।वे हम सबके लिए अभिभावक स्वरूप है। राजनीति में भले ही हम लोगों के दल अलग थे।लेकिन रघुवंश बाबू हर दिल अजीज रहे हैं।वैशाली के जन-जन के हृदय में रघुवंश बाबू अमर रहेंगे।उन्होंने कहा कि पूरा देश वैशाली के पांच बार प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह के समाजवादी छवि तथा ईमानदार प्रवृत्ति की चर्चा कर रहा है। उनका यह विराट स्वरूप वैशाली के लिए गर्व की बात है।इस मौके पर पूर्व विधायक ने कहा कि ड़ा रघुवंश प्रसाद सिंह के सभी अंतिम इच्छाओं का सम्मान करते हुए वैशाली का हर एक जन उसे पूरा करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि अब हम लोगों की जिम्मेदारी हैं कि जिन मांगों के साथ ड़ा रघुवंश प्रसाद सिंह ने अंतिम विदाई ली है।उसे हरसंभव प्रयत्न कर पूरा कराएं।लालगंज के तीनपुलवा पर पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के साथ हजारों की भीड़ ने स्व- रघुवंश बाबू अमर रहे के नारों का उद्घोष कर पूरा माहौल चेतनाबद्ध कर दिया।


