December 9, 2025

PS आनंद किशोर ने किया पटना के घाटों का निरीक्षण : कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट पर छठ पूजा आयोजन को लेकर अंतिम निर्णय शनिवार को

* 7 नवंबर तक हर हाल में सभी घाटों पर तैयारियों को पूरा करने का निदेश
* डीएम, नगर आयुक्त, सिंचाई तथा अन्य संबंधित विभाग के पदाधिकारियों के साथ किया निरीक्षण


पटना। बिहार का महापर्व छठ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने शुक्रवार को राजधानी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह, नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, अपर नगर आयुक्त शीला इरानी, प्रधान सचिव के विशेष कार्य प्रभात भूषण, विभिन्न अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारी और प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट पर पानी बहुत अधिक
इस क्रम में प्रधान सचिव ने विभिन्न छठ घाटों पर पूजा हेतु की जा रही आवश्यक तैयारियों की वस्तुस्थिति देखी। उन्होंने सिंचाई विभाग के पदाधिकारियों से गंगा के जलस्तर की दैनिक प्रगति रिपोर्ट मांगी तो अधिकारियों ने प्रधान सचिव को जानकारी देते हुए बताया कि विगत कुछ दिनों से गंगा का जलस्तर प्रत्येक दिन एक फिट के हिसाब से घट रहा है। पिछले पांच सालों में गंगा में इतना पानी पूर्व में नहीं देखा गया है। इसके कारण कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट पर पानी बहुत अधिक देखने को मिल रहा है। इसके बाद प्रधान सचिव ने महेंद्रू घाट पर पीपा पुल के निर्माण की वस्तुस्थिति देखी।


बांस घाट वाले रास्ते को बेहतर बनाने का प्रयास
महेंद्रू घाट पर नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि यहां पीपा पुल का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन आगे घाट के पहुंच पथ वाले रास्ते में पानी अभी काफी अधिक है। इस वजह से घाट तक इन दोनों रास्तों के माध्यम से पहुंचने में समस्या आने की संभावना है। इसके अतिरिक्त आने वाले दिनों में दलदल और पांक भी हटाए जाएंगे। ऐसी परिस्थिति में इन दोनों घाटों पर पहुंचने के लिए बांस घाट वाले रास्ते को ही वर्तमान में बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, किन्तु इस रास्ते से इन दोनों घाटों की दूरी अपेक्षाकृत ज्यादा होगी।
शनिवार को अंतिम फैसला
प्रधान सचिव ने पटना के डीएम, नगर आयुक्त तथा अन्य संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों पर तैयारियों हेतु आवश्यक निदेश दिए। कहा कि इन दोनों घाटों पर छठ पूजा के आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा शनिवार को स्थल निरीक्षण के उपरांत अंतिम फैसला लिया जाएगा।
तैयारियों को अंतिम रूप देने का निदेश
पटना नगर आयुक्त ने प्रधान सचिव को बताया कि विकल्प के तौर पर बांसघाट से हम सभी छठव्रतियों को कलेक्ट्रेट घाट तक पहुंचा सकते हैं। प्रधान सचिव ने इसे लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने का निदेश दिया।


इन घाटों का भी किया निरीक्षण
प्रधान सचिव आनंद किशोर ने इसके उपरांत वंशी घाट, काली घाट और एनआइटी सहित अन्य घाटों का भी निरीक्षण किया। इन घाटों पर जैसे-जैसे पानी का स्तर कम होता जा रहा है वैसे वैसे नई सीढ़ियों को साफ करके गाद हटाया जा रहा है। प्रधान सचिव ने इन सभी घाटों की साफ-सफाई और अन्य सभी व्यवस्थाओं को पूरा करने में तेजी लाने के निदेश दिए। एनआइटी घाट पर कार्यपालक अभियंता ने बताया कि बालू के बैग सभी घाट पर रख दिए गए हैं।
पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे
प्रधान सचिव ने सात नवंबर तक हर हाल में सभी घाटों पर साइनबोर्ड, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, शौचालय आदि का निर्माण पूरा करने का निदेश। प्रधान सचिव ने कहा कि छठ पूजा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पदाधिकारी पूरी तरह सजग होकर पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट जाएं।

You may have missed