PATNA : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करेंगे नगर निगम के सफाईकर्मी

पटना। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का आज पांचवां दिन है। 8 हजार से ज्यादा कर्मचारियों की हड़ताल से शहर में सफाई व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। सड़कों पर जहां-तहां कचरा फैल गया है, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी हो रही है। बारिश के मौसम के कारण कई बीमारियां फैलने की भी आशंका है। अपनी मांगों को लेकर आज पटना नगर निगम के कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन करेंगे। दोपहर 1 बजे मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स में कर्मचारी जमा होंगे। इसके बाद 2 बजे सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन के लिए निकलेंगे। कर्मचारी स्थाई नौकरी और वेतन बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पटना नगर निगम के अनिमेष कुमार ने कहा कि निगम कॉपरेट करेगा, लेकिन निगम ब्लैकमेल करने वालों के सामने नहीं झुकेगा। पटना नगर निगम के कर्मचारी 35 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। निगम कर्मियों की मुख्य मांग है कि बीते कई सालों से कार्यरत दैनिक कर्मियों को स्थाई किया जाए। न्यूनतम वेतन 18-21 हजार किया जाए। समाप्त किए गए चतुर्थ वर्ग के पद को फिर से बहाल किया जाए। आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर आउटसोर्स में कार्यरत कर्मियों को नगर निगम कर्मी के रूप में समायोजन किया जाए। समान काम का समान वेतन लागू किया जाए। निगम कर्मियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की गांरटी समेत अन्य मांगें शामिल हैं। पटना के अशोक राजपथ में नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट में से एक डबल डेकर एलिवेटेड रोड के बनने से पहले ही उसके नीचे कचरे का ढेर लग गया है। यहां के निवासी एमडी तौकिर ने बताया कि कई दिनों से कचरा की गाड़ी नहीं आ रही है। इस कारण आसपास के लोग पुल के नीचे ही कचरा फेंक देते हैं। यह कचरा यही पड़ा रहता है और बारिश आती है तब यह पूरा फैल जाता है। पुल के हर पिलर के सामने कचरे का ढेर लग गया है।
आयुक्त बोले- निगम ब्लैकमेल करने वालों के सामने नहीं झुकेगा
वहीं, पटना नगर निगम के नगर आयुक्त अनिमेष कुमार ने दावा किया है कि 21 टीम रात में सफाई कर रही है। कर्मियों का वेतन अब 490 रुपए कर दिया गया है। पिछले साल वेतन 50 रुपए बढ़ाया गया था और इस साल वेतन 40 रुपए बढ़ाया गया है। यह नगर निगम के इतिहास में कभी नहीं हुआ है कि कर्मियों का वेतन डेढ़ साल में 90 रुपए बढ़ाया गया हो। निगम कॉपरेट करेगा, लेकिन निगम ब्लैकमेल करने वालों के सामने नहीं झुकेगा। इस बीच पटना नगर निगम के सफाई काम की कमान रविवार को 100 नए ड्राइवर ने संभाली। एजेंसी की ओर से पटना नगर निगम को नए ड्राइवर भी उपलब्ध करवाए गए। मुख्यालय में ड्राइवर ने नगर आयुक्त के समक्ष अपनी उपस्थिति दर्ज की जहां उन्हें अपने दायित्वों का निर्वाह करने का नगर आयुक्त ने निर्देश दिया।
उपद्रवियों पर रखी जा रही है सीसीटीवी से नजर
पटना नगर के कर्मियों के हड़ताल के दौरान असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर पटना स्मार्ट सिटी द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। ऐसे उपद्रवियों की पहचान भी की जा रही है। नगर आयुक्त के निर्देश पर इन पर नजर रखी जा रही है और शहर की सफाई व्यवस्था की भी मॉनिटरिंग की जा रही है।
