बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर राजकीय कार्यक्रम आयोजित, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि
पटना। बिहार विभूति स्व. डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर मंगलवार को राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। बिहार विधानमंडल परिसर स्थित डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शत्-शत् नमन किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. प्रेम कुमार, स्वास्थ्य एवं कृषि मंत्री मंगल पाण्डेय, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी बिहार विभूति डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, बिहार गीत एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया।
मजाकिया अंदाज में दिखे मुख्यमंत्री, अशोक चौधरी और विजय सिंह का सर आपस में लड़ाया
राजकीय समारोह के उपरांत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मजाकिया अंदाज लोगों को देखने को मिला सीएम ने एक बार अशोक चौधरी की गर्दन पकड़ ली और पहले उनका सिर मंत्री प्रेम कुमार लड़ाया और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के सिर से उनका सिर लड़ा दिया। मंगलवार को बिहार विधान मंडल परिसर में डॉ. अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती के मौके पर राजकीय समारोह का आयोजन किया गया था। राजकीय समारोह के दौरान मंच पर मौजूद लोगों को तिलक लगाया जा रहा था। इसी दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मजाकिया अंदाज में दिखे और अपने करीबी मंत्री अशोक चौधरी की गर्दन पकड़ ली। मुख्यमंत्री अशोक चौधरी को आगे लेकर आए और उनके सिर को पहले मंत्री प्रेम कुमार के सिर से टकराया और फिर आगे बढ़कर डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के सिर से अशोक चौधरी का सिर टकरा दिया। यह नजारा देखकर मंच पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे। इससे पहले जब मुख्यमंत्री आरजेडी के साथ महागठबंधन में थे तब उन्होंने भरी सभा में अशोक चौधरी का गर्दन पकड़ लिया था और उनके सिंह को पास खड़े एक मीडियाकर्मी के सिर से टकरा दिया था। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपना सिर अशोक चौधरी के कंधे पर रख दिया था और कहा था कि वे उन्हें बहुत प्रेम करते हैं। तब इस बात को लेकर बीजेपी ने खुब सियासत की थी लेकिन आज बीजेपी नीतीश के साथ है।


