जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित, भवन निर्माण मंत्री ने सुनी लोगों की शिकायतें

- माता जानकी के उद्भव स्थान को विकसित कर रही है बिहार सरकार : अशोक चैधरी
पटना। आज जदयू प्रदेश कार्यालय में बिहार सरकार के माननीय मंत्री, भवन निर्माण अशोक चैधरी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश। वही इस कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अशोक चैधरी ने कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है कि संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। उन्होंने आगे कहा कि संसद हमले की वर्षगांठ के दिन इस तरह की घटना निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण और निंदाजनक है। चुकी संसद के सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत सरकार के पास है तो देश के गृह मंत्री अमित शाह को इस सम्बंध में स्पष्टीकरण देना चाहिए और साथ ही भविष्य में इस प्रकार के घटना की पुर्नवृत्ति ना हो इसको लेकर भी सदन में एक स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। यह पक्ष और विपक्ष का मामला नहीं बल्कि देश के सदन की सुरक्षा का विषय है। उन्होंने आगे कहा की बनारस की रैली को लेकर जिला प्रशासन अनुमति देने में आनाकानी कर रही थी इसलिए रैली को तत्काल स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ है, इसकी अगली तिथि जल्द ही घोषित होगी। साथ ही उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि झारखंड के रामगढ़ में 21 जनवरी को हमारी पार्टी की ओर से कार्यक्रम निर्धारित है। एक पत्रकार के सवाल के जवाब में अशोक चैधरी ने कहा कि माता जानकी बिहार की हैं, उनके उद्भव स्थान को अगर हमारी सरकार पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित कर रही है तो यह प्रसन्नता का विषय है। भाजपा को इस पर राजनीति करने से बचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा केवल राजनीति के लिए भगवान राम का नाम लेती है लेकिन हम मन से सीताराम कहने वाले लोग हैं।
