जनता दरबार में आने वालों की समस्याएं अनंत, पदाधिकारियों से दूरभाष पर होती है सकारात्मक बात : मांझी

- जनता दरबार में हाजिर हुए हम नेता, मांझी ने सुनी लोगों की समस्याएं
पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) का मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी सुप्रीमो जीतन राम मांझी के आवास पर हुई दूसरी जनता दरबार में जीतन राम मांझी, पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव व लघु जल संसाधन एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. संतोष कुमार, विधायक डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. दानिश रिजवान, कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष रत्नेश पटेल एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने लोगों की शिकायतों को सुना और त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों से फोन पर बात कर समस्या के निदान हेतु वार्ता की।
जीतन राम मांझी ने जनता दरबार में पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए बताया कि हमारी पार्टी गरीबों और दलितों की पार्टी है। जो हमारे यहां जनता दरबार में आते हैं उनके पास ना तो अच्छा कपड़ा है, ना जमीन, ना घर, ना ही पैसा और जिनकी समस्याएं अनंत है। हमारे पास वह लोग आते हैं, जिन्हें मुझ पर विश्वास है। मैं धन्यवाद देता हूं पदाधिकारियों को, शिकायतों पर जब भी संबंधित पदाधिकारियों से दूरभाष पर बात होती तो वह उनके द्वारा सकारात्मक होती है।
वहीं पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि हमारे पास जो भी समस्याएं आती हैं, वह ज्यादातर गरीब और अनुसूचित जाति-जनजाति एवं महिला उत्पीड़न से जुड़ी आ रही हैं। उन समस्याओं का निदान हो, इसके लिए हमारा पूरा प्रयास होता है कि उनकी समस्याओं का निदान हमारे द्वारा निश्चित रूप से हो।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दानिश रिजवान ने बताया कि पार्टी द्वारा दूसरी बार आयोजित जनता दरबार में पिछली बार की अपेक्षा इस बार ज्यादा संख्या में लोग अपनी शिकायतों को लेकर आए, जिसमें महिलाएं भी शामिल थी। कहा कि जीतन राम मांझी चार दिवसीय दिल्ली यात्रा पर रहेंगे। मांझी का चार दिवसीय दिल्ली यात्रा स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर है। मांझी आज शाम को दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे व 17 सितंबर को दिल्ली से पटना वापस लौटेंगे।
