छपरा में जेल में बंद कैदी की इलाज के दौरान गई जान, लोगों ने किया हंगामा, शराब पीने के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी
छपरा। बिहार के छपरा में एक कैदी की मौत के बाद लोगों में जमकर आक्रोश देखा गया। इसको लेकर लोगों ने आज शुक्रवार को छपरा-मुजफ्फरपुर NH-722 को बाधित कर खूब हंगामा किया। इसके साथ साथ लोगों शव को सड़क पर रखकर पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई करने और उचित मुआवजे देने की मांग कर रहे हैं। मृतक के परिजन लगातार पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं कि पुलिस ने उसे शराब पिने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई भी की गई, जिससे उसकी मौत हो गई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ बीते 7 नवंबर को भेल्दी थाना की पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में कार्रवाई कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। वही 8 नवंबर को पुलिस ने सभी को छपरा जेल भेज दिया था।

जेल में 3 की तबीयत बिगड़ी तो उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज गया। इलाज के दौरान ही एक कैदी की मौत हो गई, जबकि अन्य दो का इलाज किया जा रहा है। गौरतलब है कि भेल्दी पुलिस ने 3 दिन पहले शराब पीने के आरोप में उसे शोभेपुर गांव से गिरफ्तार किया था। कोर्ट में पेशी के दौरान ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और जेल भेजने के बजाय उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं मामले की जांच की जा रही हैं।

