हमारी पार्टी चाहती है कि नीतीश कुमार ही बिहार से देश के पहले प्रधानमंत्री बने : भाई वीरेंद्र
पटना। विपक्ष की ओर से पीएम बनने का सपना देख रहे नीतीश कुमार को अब लालू यादव की पार्टी के दिग्गज नेता भाई वीरेंद्र का साथ मिल गया है। राजद नेता भाई वीरेंद्र ने दावा किया है कि आने वाले वक्त में नीतीश कुमार ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि जब-जब बिहार के लोग अगुवाई करते हैं तो देश में परिवर्तन होता है। बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब से इंडिया गठबंधन बना है, तब से एनडीए वाले घबराहट में हैं। उन्होंने कहा कि बिहार ने प्रथम राष्ट्रपति दिया था। प्रधानमंत्री भी बिहार का बने। पार्टी समेत हर कोई चाहता है कि बिहार का ही प्रधानमंत्री बने। वही उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार बिहार के पहले प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार से शुरूआत हो चुका है कि बीजेपी हटाओ और देश बचाओ। निश्चित रूप से इसलिए बीजेपी हटेगी और देश बचेगा। विपक्ष की ओर से प्रधानमंत्री के दावेदार के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार ने ही विपक्षी एकता को एक मंच पर लाने की अगुवाई की है, तो जाहिर है कि प्रधानमंत्री भी बिहार से बनेगा। हालांकि, इसके बाद उन्होंने कहा कि अभी देश के लोग चाहते हैं किसी भी तरह से बीजेपी हटे और कोई भी प्रधानमंत्री बने।


