बिहार में गोवंश तस्करी की रोकथाम हेतु उठाए जाएंगे सख्त कदम : उपमुख्यमंत्री

* गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सभी जिलों के गौशालाओं के अध्यक्ष और सचिवों की होगी शीघ्र बैठक
* बख्तियारपुर में किसान सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन


पटना। भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में पटना जिला अंतर्गत बख्तियारपुर के ग्यासपुर विधिपुर गांव में आयोजित गोवंश आधारित प्राकृतिक खेती, जन-जागरण अभियान एवं किसान सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि हमारी संस्कृति में गाय सिर्फ पशु नहीं बल्कि गौ माता के रूप में प्रतिष्ठित हैं एवं मानव जीवन के लिए उपयोगी है। उन्होंने कहा कि गोवंश की तस्करी को रोकने हेतु बिहार सरकार सख्त कदम उठाएगी। गोवंश के संवर्धन और संरक्षण के लिए सभी जिलों के गौशालाओं के अध्यक्ष और सचिवों की शीघ्र बैठक होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी अधिकांश आबादी कृषि पर आधारित है। कोरोना की वैश्विक परिस्थिति के बावजूद हमारे किसान, पशुपालकों, मत्स्य पालकों ने अर्थव्यवस्था को गतिशील रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे वैश्विक संकट के बावजूद बिहार का विकास दर 2.5 प्रतिशत रखने में हम कामयाब हुए हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के दौरान जब उद्योग धंधे ठप हो गए थे, ऐसी स्थिति में हमारे किसान और पशुपालकों ने जीवटता का परिचय देते हुए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की।
उन्होंने कहा कि गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए बिहार सरकार ने आत्मनिर्भर बिहार सात निश्चय के अंतर्गत योजनाओं को क्रियाशील किया है। पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत गोवंश विकास संस्थान की स्थापना हेतु कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महत्वाकांक्षी गोवर्धन योजना को लागू किया है एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि गंगा के किनारे स्थित इलाकों में 5 किलोमीटर के दायरे में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने की योजनाएं संचालित की गई हैं। साथ ही, जैविक खेती प्रोत्साहन कार्यक्रम को लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि खेतों में रसायनों और खादों के इस्तेमाल से भूमि की उर्वरता पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जबकि प्राकृतिक खेती और जैविक खेती से मिट्टी की उत्पादकता कई गुना बढ़ती है। गोवंश और प्राकृतिक खेती को अपनाने से कृषि की लागत कम होती है, वहीं दूसरी ओर किसानों की आय में भी वृद्धि होती है। यह पर्यावरण संरक्षण और संतुलन के लिए भी काफी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा के तत्वावधान में जैविक कॉरिडोर वाले जिलों में गोवंश आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में बेहतर पहल किया जा रहा है, जिससे किसान भाई, पशुपालक काफी लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि गोवंश तस्करी को रोकने की चुनौती से निपटने की दिशा में हम मजबूती से काम करेंगे। सरकार इसके लिए हर संभव प्रयास करेगी।
मौके पर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर, सरोज रंजन पटेल, सियाराम सिंह, राम विनय सिंह, जगन्नाथ ठाकुर सहित अन्य नेता, बख्तियारपुर मंडल के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता और भारी संख्या में किसान, पशुपालक व मत्स्य पालक उपस्थित थे।

About Post Author

You may have missed