तेजस्वी को नौवीं फेल बताकर प्रशांत किशोर का हमला, वे कलम बांटकर राजा नहीं बनेंगे, राजद पर किया हमला
पटना। राजनीतिक रणनीतिकार और जन सुराज अभियान के संयोजक प्रशांत किशोर ने एक बार फिर राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने तेजस्वी को नौवीं फेल बताते हुए कटाक्ष किया कि केवल कलम बांटकर कोई राजा नहीं बन सकता। पीके ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कलम बांटना शिक्षा की गारंटी नहीं है, और शिक्षा केवल प्रतीकों से नहीं, बल्कि नीति और गुणवत्ता से आती है। प्रशांत किशोर ने कहा, “आज तेजस्वी यादव युवाओं को कलम बांट रहे हैं। वही कलम पकड़ कर पहले खुद दसवीं पास कर लेते, तो युवाओं को उन पर भरोसा होता। एक सामान्य परिवार का बच्चा दस-पंद्रह साल पढ़ाई करके भी बेरोजगार है या मजदूरी कर रहा है, वहीं एक नौवीं फेल नेता मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहा है।” उन्होंने यह भी जोड़ते हुए कहा कि “कलम और कॉपी बांटने से शिक्षा नहीं मिलती, अच्छे स्कूल और बेहतर पढ़ाई की जरूरत है।” पीके ने तेजस्वी यादव के युवा छात्र संसद कार्यक्रम पर सवाल खड़े करते हुए उनके परिवार—लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी—की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब तेजस्वी के माता-पिता दोनों बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं, तब भी अगर उनका बेटा नौवीं पास नहीं कर पाया, तो यह शिक्षा के प्रति परिवार की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। तेजस्वी यादव के बार-बार शिक्षा को लेकर निशाना बनाए जाने पर खुद तेजस्वी ने पूर्व में एक पॉडकास्ट में कहा था कि किसी के नौवीं फेल कहने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि वह पहले एक खिलाड़ी रहे हैं और शिक्षा की पारंपरिक व्यवस्था में फिट नहीं हो पाए। लेकिन प्रशांत किशोर इस तर्क को मानने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “बिहार की जनता अब ऐसे प्रतीकवाद से ऊपर उठकर ठोस नीति और नेतृत्व चाहती है।” प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि अगर लालू प्रसाद यादव अपने परिवार से बाहर किसी भी यादव या अन्य जाति के योग्य नेता को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर दें, तो जन सुराज राजद का समर्थन करने के लिए तैयार है। राजनीतिक गलियारों में पीके के इस बयान को राजद और तेजस्वी यादव के खिलाफ उनकी बढ़ती राजनीतिक आक्रामकता के रूप में देखा जा रहा है। 2025 विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में माहौल धीरे-धीरे गर्म हो रहा है और यह बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।


