पूर्णिया में पॉलिटेक्निक के छात्र ने की आत्महत्या, डेढ़ लाख रुपये हारने के बाद लगाई फांसी

पूर्णिया। पूर्णिया में पॉलिटेक्निक के छात्र ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। वो किराए के मकान में रहता था। उसे ऑनलाइन गेमिंग की बुरी लत लगी थी। डेढ़ साल से वो इसमें पैसे लगा रहा था। करीब डेढ़ लाख रुपए हार चुका था। दूसरी तरफ पिछले साल पॉलिटेक्निक थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में 4 विषयों में फेल हो गया था। इस साल भी जून में एग्जाम होना था। घरवालों को कहा था- ‘इस बार पास करूंगा।’ ऐसे में उसे अच्छे नंबर लाने का भी टेंशन था। मृतक दिलीप साह के बेटा पारस कुमार है, जो सहरसा का रहने वाला था। उसने गुरुवार को आखिरी बार अपने पिता से बात की थी। कॉल पर कहा था- ‘सिलेंडर खत्म हो गया है।’ जिसके बाद पिता ने उसे 5 हजार रुपए अकाउंट में भेजे थे। पिता के मुताबिक, पारस ने 4500 रुपए रॉकी नाम के दोस्त को देने की बात कही थी। जिसके बाद बेटे से बात नहीं हुई। घटना सहायक खजांची थाना क्षेत्र के केपी मार्केट गली की है। छात्र के पिता दिलीप साह ने बताया, ‘पारस 2 भाइयों में छोटा था। वो पूर्णिया में रहकर पॉलिटेक्निक कॉलेज पूर्णिया से पढ़ाई कर रहा था। पूर्णिया में ही वो गलत दोस्तों की संगती में आ गया और उसे ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई। पारस ने इसमें उसने काफी रुपए झोंक दिए। वो पढ़ाई और महीने के खर्च के नाम पर रुपए लेता और फिर इन रुपयों को ऑनलाइन गेमिंग में लगा देता था। ऑनलाइन गेम में काफी रुपए हार चुका था। पिछले साल ऑनलाइन गेम के कारण पॉलिटेक्निक थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा में फेल हो गया था। क्लास फ्रेंड मोहित राज ने बताया, ‘पारस दोस्तों की काफी मदद करता था। गुरुवार रात खाना खाकर सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले सो गए। शुक्रवार दिन के 2 बजे तक पारस ने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। आवाज देने के बाद भी पारस का कोई जवाब नहीं आया। जिसके बाद मकान मालिक को किसी तरह की अनहोनी की आशंका हुई। घटना की जानकारी सहायक खजांची पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर अंदर से लॉक कमरे के दरवाजे को तोड़कर देखा तो पारस फंदे से लटका था। सहायक खजांची थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार ने बताया, ‘फंदे से लटककर एक युवक ने आत्महत्या की है। युवक के परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया हे। जिसके बाद परिजनों से लिखित प्रमाण लेकर लाश को सौंप दिया गया।’

You may have missed