भाजपा की राजनीति बयानबहादुरी तक सीमित : राजीव रंजन
- जनता के सवालों का जवाब देने की हिम्मत क्यों नहीं दिखाते भाजपा के बयानबहादुर
पटना। भाजपा को निशाने पर लेते हुए JDU के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि इंडिया गठबंधन को मिल रहे अपार जनसमर्थन व अपने खिलाफ हर दिन मजबूत हो रहे सत्ताविरोधी लहर से भाजपा का मानसिक संतुलन हिल गया है। यह लोग जान गये हैं कि इनके अच्छे दिन अब जाने वाले हैं। इन्हें पता है की 2024 और 25 में जनता इनकी खाट खड़ी करने वाली है। यही वजह है कि इन्होने अभी से ही अपनी राजनीतिक बेरोजगारी वाले दिन काटने के लिए बयानबहादुरी दिखाना शुरू कर दिया है। जिन मुद्दों को जनता तवज्जो नहीं देती, इनके नेताओं में उन मुद्दों पर भी गला फाड़ने की रेस लग जाती है। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में राजनीतिक बेरोजगार होने की संभावना से ही भाजपा के नेताओं की मति भ्रष्ट हो चुकी है। यही वजह है कि जनसरोकार के कामों को छोड़कर इनके नेता अब पूरी तरह से खोखले बयानों तक सीमित हो गये हैं। इन्हें न तो तथ्यों का पता रहता है और न जनभावना का। इनका पूरा समय बयान बनाने और उसे छपाने की जुगत में गुजर जाता है। भाजपा यह जान ले कि झूठ और दुष्प्रचार के तेल से जल रहा उनका राजनीतिक दीया अब अंतिम सांसे ले रहा है। जनता की अदालत में वह एक्सपोज हो चुके हैं। भाजपा को चुनौती देते हुए JDU के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आज देश में सबसे बड़ा मुद्दा कमरतोड़ मंहगाई, बढ़ती बेरोजगारी व आम आदमी की घटती आय है। लेकिन भाजपा के नेताओं को इन मुद्दों पर बोलने में सांप सूंघ जाता है। भाजपा के नेताओं को बताना चाहिए कि किसानों की आमदनी आज तक दुगनी क्यों नहीं हुई? वह बताएं कि उज्ज्वला योजना फेल क्यों हो रही है?


