मुंगेर में पुलिस का हाई अलर्ट जारी, कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, सोशल मीडिया पर भी नजर

मुंगेर। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात के बीच देशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी की गई उच्चस्तरीय एडवायजरी के बाद मुंगेर पुलिस भी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। जिले में संभावित आतंकी गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ते हुए कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की है। मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन करते हुए जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जिले के प्रमुख प्रतिष्ठानों—जैसे आईटीसी, रेलवे स्टेशन, और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। एसपी स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ इन स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। शहर की सड़कों पर पुलिस की भारी उपस्थिति देखी जा रही है। विशेष टीमें होटल, लॉज और धर्मशालाओं में रुकने वाले बाहरी लोगों की गहन जांच-पड़ताल कर रही हैं। सभी संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस द्वारा जिले की सीमाओं पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि कोई संदिग्ध तत्व जिले में प्रवेश न कर सके। साइबर गतिविधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर है। एसपी मसूद ने बताया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए एक विशेष साइबर निगरानी सेल 24 घंटे सक्रिय है, जो फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सतत निगरानी रख रहा है। एसपी ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन पूरी तरह चौकस है और जनता की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल भी पूरी तरह सतर्क है। जमालपुर, मुंगेर और बरियारपुर रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों और उनके सामान की गहन तलाशी ली जा रही है। जमालपुर रेल सुरंग, जो रणनीतिक रूप से अति महत्त्वपूर्ण मानी जाती है, वहां विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस और आरपीएफ का यह संयुक्त अभियान जिले में सुरक्षा की दृष्टि से एक अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में किसी भी संदिग्ध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुंगेर पुलिस की इस मुस्तैदी ने आम जनता में सुरक्षा का भरोसा जगाया है। हालांकि साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया गया है कि आने वाले दिनों में यह सख्ती और तेज हो सकती है। जिला प्रशासन हर चुनौती से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार है और स्थिति पर पल-पल नजर रखे हुए है।

You may have missed