February 20, 2026

5 पेशेवर आरोपियों को पटना पुलिस ने सिपारा से किया गिरफ्तार, 4 देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद

पटना। पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी में लूटपाट और हत्या की कोशिश जैसे कई संगीन अपराधों को अंजाम देने वाले 5 पेशेवर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं बीते 7 जनवरी को साईं दरबार मैरेज हॉल बेउर एवं लारा सेवा संस्थान के मालिक नंदकिशोर यादव पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी मामले का भी उद्भेदन कर लिया गया है।
पटना एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने शुक्रवार को बताया कि लारा सेवा संस्थान के मालिक नंदकिशोर यादव पर की गई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना के बाद नगर एसपी, पश्चिमी पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच में पता चला कि जमीन विवाद के मामले में नंदकिशोर यादव पर गोली चलाई गई थी। जांच में पता चला कि एक पेशेवर अपराधी आनंद चौधरी हाल ही में बेउर क्षेत्र में आते-जाते देखा गया है और उसकी गतिविधियां सिपारा क्षेत्रों में रही है। इसी आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर 5 अपराधियों को सिपारा पुल के पास से पकड़ा। उनके पास से 4 देशी पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान आनंद चौधरी, बिट्टू पासवान, अतुल, अमन और दीपक उर्फ चंदन के रूप में हुई है। ये सभी कई मामलों में वांछित रहे हैं। आनंद चौधरी के खिलाफ अलग-अलग थानों में 12 मामले दर्ज हैं। जबकि दीपक के खिलाफ चार और अमन के खिलाफ सात मामले दर्ज हैं। शेष आरोपियों का भी लंबा अपराधिक इतिहास रहा है।

You may have missed