September 15, 2025

नवादा में मुखिया प्रत्याशी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जबरन मतदान दिलवाने का आरोप

नवादा । जिले के नक्सल प्रभावित इलाका गोविंदपुर क्षेत्र की माधोपुर पंचायत के मुखिया प्रत्याशी प्रिंस कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रत्याशी प्रिंस कुमार पर जबरन वोट डलवाने का आरोप है। पुलिस ने उसे माधोपुर बूथ संख्या 82 के पास गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान उम्मीदवार प्रिंस कुमार ने पुलिस वालों से हाथापाई भी की। लेकिन पुलिस उसे बलपूर्वक काबू में कर लिया। उसे पुलिस ने गुप्त स्थान पर रखा है। प्रिंस कुमार के अन्य दोस्तों की भी तलाश की जा रही है। बूथ संख्या 82 और 83 वह प्रिंस जबरदस्ती वोट डलवा रहा था।

उधर औरंगाबाद के बिसैनी गांव में भी मतदान केन्द्र पर हंगामा और पत्थरबाजी करने के आरोप में पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बूथ पर हंगामा के बाद वहां पुलिस को हवाई फायरिंग करना पड़ा। डीएम ने फायरिंग की पुष्टि की है। वहां मुखिया प्रत्याशी के पति को और एक वार्ड सदस्य प्रत्याशी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए बिहार के 10 जिलों में सुबह सात बजे से मतदान चल रहा है। 12 प्रखंडों के 2119 बूथों पर मतदान हो रहे हैं। पहली बार पंचायत चुनाव में ईवीएम का उपयोग हो रहा है। इसमें मुखिया, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति व जिला परिषद सीटों के लिए ईवीएम से मतदान हो रहे हैं। जबकि पंच व सरपंच पद के लिए बैलेट पेपर का उपयोग किया जा रहा है। शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

You may have missed