February 15, 2026

फुलवारीशरीफ नगर परिषद बोर्ड की बैठक में चेयरमैन ने जताई लाचारी, सप्लाई पाईप बदलने के लिये सड़क काटने की NOC नहीं दे रहा NH आथरिटी

  • ड्रेनेज सिस्टम को दुरस्त बनाएंगे चार संप हाउस

फुलवारीशरीफ। फुलवारीशरीफ नगर परिषद में निर्वाचित मंडल की बैठक शनिवार को चेयरमैन आफताब आलम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फुलवारी विधायक गोपाल रविदास के अलावे नगर परिषद के सभी वार्ड सदस्य उपस्थित थे। इस बैठक में मुख्य रूप से फुलवारीशरीफ में जलजमाव एवं जाम की समस्या पर चर्चा की गयी। नगर परिषद फुलवारी शरीफ की बड़ी आबाद को ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त करने के लिए सरकार ने 4 इलाकों में बांटकर 4 संप हाउस बनाने का प्रस्ताव स्वीकार किया है। सरकार के निर्देश पर एजेंसी ने फुलवारी खगौल लख के पास, राष्ट्रीय गंज रेलवे गुमटी के पास, ब्रह्मपुर रोड में बेउर अखाड़ा के पास और बहादुरपुर के पास संप हाउस बनाने के लिए स्थल चयन किया गया है। इन चारों संप हाउसों के जरिए फुलवारी शहर की आबादी का ड्रेनेज का पानी निकाला जाएगा।
विधायक गोपाल रविदास ने कहा कि फुलवारी में जलजमाव की समस्या से निजात के लिए बादशाही नाला को उड़ाही कराकर जल निकासी का उपाय कराए जाएगा। विधायक ने कहा कि शहर को वन-वे ट्रैफिक कराने के लिये वे आम जनता के साथ सड़क पर धरना प्रदर्शन करने का मन बना चुके हैं। शहर को जाम से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष आफताब आलम ने बताया कि ड्रेनेज सिस्टम के लिए सर्वे के काम के लिए बुडको के द्वारा एजेंसी नियुक्त की है, जो मुख्य रूप से दानापुर, फुलवारी, खगौल तथा संपतचक में व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम के लिए काम करेगी। जलजमाव की समस्या पर उन्होंने कहा कि समय से पहले मानसून आने से हुए बारिश के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी। बावजूद इसके मोटर लगाकर जलजमाव वाले इलाके में जलनिकासी की गयी। एनएच 98 एम्स रोड से भी नगर परिषद ने एनएच अधिकारी कर्मचारी से मिलकर जलनिकासी का काम कर रही है। चेयरमैन ने बताया कि एनएच सड़क के नीचे से इस पार से उस पार की आबादी को सप्लाई पाईप बिछा हुआ। उस सप्लाई पाईप को बदलना है, जिसके लिए सड़क काटना पडेगा। इस कार्य के लिए नगर परिषद ने एनएच अधिकारियों के पास एनओसी के लिए आवेदन दिया लेकिन डेढ़ माह गुजरने के बाद भी स्वीकृति नहीं मिला है, जिससे सप्लाई पाईप बदलने काम नहीं हो पा रहा है।
फुलवारीशरीफ में आये दिन लगने वाले जाम पर अध्यक्ष ने इसके लिए नेशनल हाइवे को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि समूचे फुलवारीशरीफ में नेशनल मार्ग पर जरूरत से ज्यादा कट बनाये गए है जिससे उस कट से गाडियां निकलने की वजह से जाम की समस्या बन जाती है। शिकायत करने की बाद भी नेशनल हाइवे आॅथोरिटी इस पर ध्यान नहीं देते हैं। जिलाधिकारी ने नगर परिषद को आश्वासन दिया है कि कोरोनावायरस वैक्सीन की कमी नहीं होने दी जाएगी। हर वार्ड में लगातार वैक्सीनेशन कैम्प और टीका एक्सप्रेस के जरिए नगर परिषद में जल्द ही हम पूर्ण रुप से कोरोना वैक्सीनेशन कार्य पूरा करने के लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। सभी लोगो से वैक्सीनेशन की अपील की गई है।

You may have missed