January 27, 2026

PATNA : राजधानी में बढी ठंड से ठिठुरते दिखाई दिए लोग, अगले दो दिनों तक इन जिलों में चलेगी शीतलहर

पटना। प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। यही वजह है कि रविवार को बिहार का गया एक बार फिर सबसे ठंडा स्थान होने के साथ ही यहां का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग अब बेवजह बाहर निकलने से बचने लगे हैं। हालांकि दिन में लोगों को धूप मिल रही है जो राहत भरी है। पहाड़ी व बर्फीली इलाकों से आ रही सर्द पछुआ हवा के प्रभाव के कारण लगातार तापमान में गिरावट हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सतह से एक किमी ऊपर पछुआ एवं उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह बने होने से एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र समुद्रतल से 1.5 किमी तक बना है।

अगले 48 घंटों के दौरान पटना समेत इन जिलों में चलेगी शीतलहर

वही इसके प्रभाव से प्रदेश में अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण पश्चिम भाग के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल एवं दक्षिण मध्य बिहार के पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय के एक या दो स्थानों पर शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। वहीं, प्रदेश के एक या दो जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर के कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है।

पटना में अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 07 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। सुबह में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। भागलपुर में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक जाने का अनुमान है।

You may have missed