गणेश चतुर्थी पर सूरत के गणेश पंडाल पर पथराव, 33 गिरफ्तार, शहर में तनाव
सूरत। गुजरात के सूरत में गणेश पंडाल पर बीती रात पथराव का मामला सामने आया है। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता से लिया और मुकदमा दर्ज कर 33 लोगों को गिरफ्तार किया। पत्थराव के बाद शहर में तनाव देखा गया। हालात को देखते हुए शहर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जानकारी के अनुसार बीती रात सैयदपुरा इलाके में गणेश पंडाल पर अराजक तत्वों ने पत्थर फेंका। इससे हिंदु संगठन नाराज हो गए। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। इससे इलाके में तनाव उत्पन्न हो गया। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी मोर्चा संभाला और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं आरोपियों से पूछताछ कर इस साजिश का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह पता कर रही है कि किसने यह रची साजिश रची। कौन लोग इसमें शामिल हैं जो समाज में शांति भंग करना चाहते हैं। गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा, ‘सूरत के सैयदपुरा इलाके में 6 लोगों ने गणेश पंडाल पर पथराव किया। इन सभी 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने ऐसी घटना को बढ़ावा देने में शामिल अन्य 27 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जांच जारी है। सूरत के सभी इलाकों में पुलिस तैनात है। जो लोग शांति भंग करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने कहा, ‘कुछ बच्चों ने गणेश पंडाल पर पथराव किया जिसके बाद झड़प हो गई। पुलिस ने तुरंत उन बच्चों को वहां से हटा दिया। इलाके में तुरंत पुलिस तैनात कर दी गई। जहां जरूरत थी, वहां लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। शांति भंग करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है। चारों तरफ करीब 1,000 पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां आम जनता भी मौजूद है।


