पटना-तालाब में डूबने से बच्चे की मौत दूसरा को बचा लिया गया,एकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मचा
फुलवारीशरीफ । सोमवार को फुलवारीशरीफ प्रखण्ड मुख्यालय तालाब में नहाने के दौरान एक बच्चे की मौत हो गयी जबकि दूसरे बच्चे को लोगों ने डूबने से बचा लिया। मृतक सुशांत अपने माँ बाप का एकलौता पुत्र था । मृतक बालक तालाब के पास ही आदर्श नगर रोड नम्बर तीन निवासी विजय नंद प्रसाद का दस वर्षीय पुत्र शुशांत कुमार था जबकि अनिल कुमार का बेटा जितेंद्र डूबने से बच गया। वहीं एकलौता पुत्र सुशांत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुरे आदर्श नगर मुहल्ले में महिलाओं की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक के पिता विजय नन्द प्रसाद घुमघुमकर कपड़ा फेरी करने का काम करते हैं ।
तालाब में दो बालक को डूबता देख लोगो ने शोर मचाया और किसी तरह दोनो को पानी से बाहर निकालने में सफल हुए।घटना की जानकारी मिलने पर प्रखण्ड में तैनात पुलिसकर्मी भी दौड़े दौड़े तालाब के पास पहुंचकर बालक को निकालने में जुटे । तत्काल बालक को ईएसआई हॉस्पिटल ले जाया गया जहाँ से चिकिसकों ने पीएचसी भेज दिया। यहाँ बालक की मौत हो गयी थी लेकिन परिजन उसे जिंदा होने की आस में पटना बड़े हॉस्पिटल लेकर चले गये । पटना में भी बालक को मृत घोषित कर दिया गया । इसके बाद परिवार सहित पूरे मोहल्ले में माहौल गमगीन हो गया। प्रखण्ड प्रमुख मुन्नी देवी के पति अजित कुमार भी प्रखण्ड अस्पताल पहुंचे और घटना पर अफसोस जाहिर करते हुए सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया ।

एकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल
मृतक सुशांत कुमार दो बहनों का इकलौता भाई था। एकलौते पुत्र के डूबने से मौत के बाद माँ पिता और दोनों बहनों का रो रो कर बुरा हाल होने लगा। मां छाती पीटपीट कर बेहोश हुए जा रही थी जबकि पिता की हालत पागलों सी हो गयी ।बदहवाश पिता की आंखों के आगे अंधेरा सा छा गया था उनके बुढ़ापे का सहारा एकलौता बेटा सबको छोड़कर दुनिया से चला गया था । अपने एकलौते भाई की लाश देख दोनों बहनें रोते बिलखते यही रट लगाए जा रही थी कि बऊआ हो बऊआ कहाँ चल गेलअ अब हमनी केकरा राखी बंधवई । आस पड़ोस की महिलाएं रोते बिलखते परिवार को संभालने में खुद ही बिलखने लगती । मासूम बालक की मौत से आदर्श नगर में मातम पसरा रहा । लोग यही चर्चा कर रहे थे कि बालक तलाब में खेलने नहाने गए और क्या से क्या हो गया।

