पटना पुलिस को चोरों ने किया परेशान : घर से नकदी समेत 13 लाख रुपये की सामान चोरी
फतुहा। कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन में पटना पुलिस चोरों से परेशान है। हाल के दिनों में फतुहा प्रखंड में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिससे पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरें दिख रही है। गुरूवार की रात्रि पटना के नदी थाना क्षेत्र के जेठुली में गंगा किनारे एक घर से चोरों ने खिड़की उखाड़कर नकदी समेत करीब तेरह लाख रुपये की सामान चोरी कर लिया है। इतना ही नहीं, चोरों ने चोरी करने के बाद बैग व एक दो बक्से को घर के बाहर गली में फेंक दिया।
घर मालिक प्रभु दयाल सिंह की माने तो बीती रात्रि करीब 12 बजे तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद घर के लोग अपने-अपने बेडरुम में सोने चले गए। उनके अनुसार घर के लोग घर के अंदर तीन कमरे में सोए हुए थे। करीब ढाई बजे के बाद घर में जब ढक-ढक करने की आवाज सुनाई दी तो पाया कि सोए हुए लोगों की कमरे बाहर से बंद हैं। जब कमरे के अंदर से आवाज दी तो आसपास के लोग जुटे और कमरे को खोला। घर मालिक के अनुसार, पूजा घर समेत दो कमरे में घर का सारा सामान रखा हुआ था, जिसे चोरों ने पूरी तरह से खंगाल डाला है। चोर घर के पीछे गंगा नदी के तरफ से खिड़की तोड़कर घर में घुसे थे। घर मालिक के अनुसार, चोरों ने पूजा घर से बक्से को खोलकर पांच लाख रुपये तथा करीब सात लाख रुपये की गहने व एक लाख रुपये की बर्तन व कीमती कपड़े चोरी कर ली है। जानकारी होने पर नदी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा घटना का जायजा लिया। इस संदर्भ में घर मालिक प्रभु दयाल सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।


