पटना से अनंत सिंह के खास कार्तिकेय कुमार बने MLC उम्मीदवार, PM द्वारा CM नीतीश को सबसे बड़ा समाजवादी कहने पर लालू हुए नाराज
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सबसे बड़ा समाजवादी नेता कहे जाने के बाद बिहार की राजनीति को नया मुद्दा मिल गया है। पीएम मोदी के इस ताजा बयान के बाद जहां राजग के घटक जदयू और भाजपा के सभी नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ में कसीदे गढ़ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर राजद अध्यक्ष लालू यादव ने प्रधानमंत्री के इस बयान पर नाराजगी जाहिर की है।
राजद अध्यक्ष ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में बगैर किसी का नाम लिए कहा कि उनके बच्चे नहीं है इसलिए वह ऐसा कह रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुत्र राजनीति में नहीं आना चाहता है, वह पूरी तरह से दूसरी राह पर है। लालू ने प्रधानमंत्री के कुछ पार्टियों पर परिवारवाद को बढ़ावा देने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनका कोई बेटा नहीं है। यहां तक सीएम नीतीश का एक बेटा है लेकिन वह राजनीति में आना नहीं चाहता है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि अब जब उनके साथ ऐसी स्थिति है तो क्या कहेंगे। उन्होंने कहा कि वह भगवान से प्रार्थना करते हैं कि इन लोगों को बाल-बच्चा दे और वह राजनीति में आये।
इस मौके पर विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को समाजवादी बताए जाने पर कहा कि कौन झूठ बोल रहा है और कौन सच, सब जानते हैं। पहले प्रधानमंत्री यह बताएं कि उन्होंने ही कहा था कि जदयू दमनकारी पार्टी है। सीएम नीतीश ने भाजपा को बड़का झूठा पार्टी बताया था। तेजस्वी ने सवालिया लहजे में कहा कि सच क्या है पहले वाले मोदी या अब वाले मोदी। इसी तरह कौन सही है पहले वाले नीतीश कुमार या अब वाले नीतीश कुमार पहले फैसला करें।
लालू 12 को शुरू करेंगे सदस्यता अभियान: राजद सदस्यता अभियान चलाएगा। राजद सप्रीमो लालू यादव इसकी शुरूआत 12 फरवरी को करेंगे। वे अपनी पार्टी राजद को काफी ताकतवर बनाना चाहते हैं। राजद के राष्ट्रीय महासचिव आलोक मेहता ने बताया कि कुछ वरिष्ठ सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर लालू प्रसाद सदस्यता अभियान की शुरूआत करेंगे। इसका पूरा शिड्यूल राजद ने तैयार किया है। उन्होंने बताया कि हमने कोई लक्ष्य नहीं रखा है क्योंकि राजद के समर्थकों की संख्या इतनी ज्यादा है कि सदस्यता बनाने का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है। वहीं इस बार राजद ने सदस्यता शुल्क 10 रुपए निर्धारित किया है।
पटना से कार्तिकेय कुमार बने एमएलसी उम्मीदवार: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर शुक्रवार को पटना जिला के राजद विधायकों और पार्षदों की बैठक हुई। बैठक को राजद सुप्रीमो लालू यादव ने विधान परिषद की 24 सीटों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और पार्षदों संबोधित किया। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं ने जरूरी टिप्स दिए कि तमाम सीटों पर जीत कैसे सुनिश्चित की जाए। वहीं बैठक में बाहुबली विधायक रीतलाल यादव और अनंत सिंह के खास कार्तिकेय कुमार भी पहुंचे थे। पटना सीट पर एमएलसी के लिए रीतलाल के भाई और अनंत के खासमखास कार्तिकेय कुमार की दावेदारी चल रही थी। लेकिन इस दावेदारी में अनंत सिंह ने बाजी मार ली। लालू ने घोषणा की कि पटना सीट से कार्तिकेय कुमार एमएलसी के उम्मीदवार होंगे। 13 फरवरी को बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।
बता दें राजद के लिए इस बार 24 सीटों का चुनाव इसलिए भी ज्यादा चैलेंजिंग है, चुंकि अब राजद को जदयू-भाजपा के साथ ही कांग्रेस से भी दो-दो हाथ करने होंगे।


