PATNA : 3-4 अप्रैल को JDU के शेष 22 जिलों के प्रखंड अध्यक्षों के प्रशिक्षण का दूसरा चरण

पटना। बिहार प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार जदयू मुख्यालय, पटना स्थित कर्पूरी सभागार में 03 एवं 04 अप्रैल को प्रखंड अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरा चरण आयोजित किया जा रहा है। 26 एवं 27 मार्च को आयोजित पहले चरण में 19 संगठन जिलों के प्रखंड अध्यक्षों ने भाग लिया था, जबकि दूसरे चरण में शेष 22 जिलों के प्रखंड अध्यक्षों का प्रशिक्षण निर्धारित है। वे 22 जिले हैं- नवगछिया, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, गया, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, भोजपुर, वैशाली, पटना एवं बाढ़।
प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने बताया कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के उद्घाटनकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह होंगे, जबकि अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा करेंगे। वहीं इन कार्यक्रमों का संचालन प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार करेंगे तथा तकनीकी एवं मीडिया संबधी दायित्व जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप निभाएंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए निर्धारित विषय इस प्रकार हैं- व्यावहारिक समाजवाद, ग्रामीण विकास की योजनाएं एवं समस्याएं, राजस्व एवं भूमि सुधार के संबंध में राज्य सरकार की पहल, प्रखंड स्तर की विधि व्यवस्था एवं पुलिस प्रशासन, मोटिवेशन एवं मार्गदर्शन, नेतृत्व विकास, कार्य-प्रणाली, संस्कृति और समाजवाद, प्रभावकारी कार्यशैली, सोशल मीडिया, समय प्रबंधन एवं लोक व्यवहार, आन्तरिक बदलाव, नेतृत्व-सफलता की ओर बढ़ते कदम, सामुदायिक संचार एवं अहिंसक संचार।

You may have missed