गर्ल्स स्कूल में पुलिसकर्मियों के रहने विरोध में पटना छात्राओं ने किया प्रदर्शन, कुर्जी-दीघा मुख्य मार्ग को किया जाम

पटना। राजधानी पटना के गर्ल्स स्कूल में पुलिसकर्मियों के रहने को लेकर मंगलवार को दीघा स्थित इंद्र प्रसाद सिंह गंगा स्थली उच्च माध्यमिक बालिका ज्ञानपीठ की छात्राओं ने कुर्जी दीघा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। लड़कियों ने आरोप लगाया कि स्कूल में पुलिस का कैंप लगा हुआ है। जिसके चलते ना ही पढ़ाई होती है ना ही हम स्कूल में अच्छे से रह पाते हैं। स्कूल की छात्राओं ने मंगलवार को स्कूल गेट के पास सड़क को बांस से रोक कर रास्ता बंद कर दिया। सैकड़ों की संख्या में लड़कियां सड़क को रोक कर नारेबाजी करने लगीं। तकरीबन 2 घंटे तक सड़क पर हंगामा होता है। लड़कियों का कहना था कि स्कूल परिसर में पुलिस वाले रहते है। वो अपने हिसाब से रहते हैं जिससे हमलोग हमेशा असहज महसूस करते है। लड़कियों ने आरोप लगाया कि इस स्कूल में हर साल पुलिस का कैंप लगा दिया जाता है। पिछले साल भी इसी समय पुलिस का कैंप लगाया गया था। उस समय भी हम लोगों को हंगामा करना पड़ा था, तब जा कर यहां से पुलिस को हटाया गया था। अब या तो पुलिस यहां रहेगी या हम लोग। लड़कियों के स्कूल से पुलिस कैंप को हटाया जाए। इस मौके पर दीघा थाना की पुलिस और आस पास के लोग पहुंचे। पुलिस ने लड़कियों से बात की और उनकी समस्या को समझा। दीघा थानाध्यक्ष ने लड़कियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही पुलिस वालों को इस कैंपस से हटा दिया जाएगा। कहीं दूसरे जगह इनके रहने की व्यवस्था की जाएगी। लड़कियों का कहना है कि क्लास रूम में पुलिस वाले रहते हैं। इसके चलते पढ़ाई नही होती। जब पढ़ाई नहीं होगी तो हम परीक्षा कैसे देंगे। हमारा भविष्य बर्बाद हो रहा है। अगर आज रात तक इन पुलिस वालों को यहां से नहीं हटाया गया तो हम कल इससे भी बड़ा प्रदर्शन करेंगे। आज पुलिस के कहने पर हम रास्ता खोल रहे है। लेकिन, कल हम किसी की नही सुनेंगे।
