February 14, 2026

PATNA : ओडिशा की रहने वाली युवती बेहोशी की हालत में मिली, ट्रेन से पानी लेने के लिए उतरी, उसके बाद…

पटना। राजधानी पटना के बुद्धा कालोनी थाना क्षेत्र में ओडिशा की रहने वाली 27 साल की एक युवती अर्धनग्न अवस्था और बेहोशी की हालत में मिली है। युवती को पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। इधर आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ किसी तरह का कोई गलत काम तो नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच करने के साथ ही महिला का मेडिकल टेस्ट करवा रही है।
बताया जाता है कि आर्ट कॉलेज के पास शुक्रवार की देर रात महिला मिली थी। राहगीरों ने महिला को वहां पर देखा तो बुद्धा कॉलोनी थाना को इसकी जानकारी दी। चंद मिनटों बाद पुलिस मौके पर पहुंच उसे इलाज के लिए पीएमसीएच ले गई। उस वक्त महिला बेहोशी अवस्था में थी।
भुवनेश्वर से कानपुर जा रही थी महिला
इसके बाद बुद्धा कॉलोनी के थानेदार नेहार भूषण ने इस मामले में महिला थाना की थानेदार कुमारी सहचरी की मदद ली। वो देर रात को हॉस्पिटल गई। मगर उस वक्त युवती कुछ भी बता पाने में असमर्थ थी। महिला को सुबह 4 बजे के बाद होश आया तो फिर शनिवार को वो दोबारा अस्पताल गईं। महिला थानेदार ने उसका बयान लिया। उसने बताया कि उसकी मां भुवनेश्वर में रहती है। वह दीपावली के दिन 4 नवंबर को भुवनेश्वर से कानपुर के लिए निकली थी। वहां उसके पति रहते हैं। 5 नवंबर की देर रात ट्रेन पटना पहुंची। पानी लेने के लिए वह प्लेटफॉर्म पर उतरी। तब तक ट्रेन खुल गई।
मेडिकल टेस्ट करा रही है पुलिस
युवती ने पुलिस को बताया कि चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में वह प्लेटफॉर्म पर गिर गई। उसे चोट आई और बेहोश हो गई। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, वह स्टेशन के बाहर कब और कैसे निकली, आर्ट कॉलेज के पास कैसे पहुंची, इस बारे में उसे कुछ नहीं पता। उसका पर्स, उसमें रखे रुपए, आधार कार्ड और उसमें रखे रुपए ट्रेन में सीट पर ही रह गया। अपने बयान में महिला ने अपने साथ किसी प्रकार का गलत या गैंगरेप जैसी घटना होने से इनकार किया है। बावजूद इसके पुलिस टीम इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही महिला का मेडिकल टेस्ट करवा रही है। ताकि, यह स्पष्ट हो जाए कि उसके साथ कोई गलत हरकत हुई या नहीं।

You may have missed