सावधान! पटना के बेउर में तैयार हो रहा था नकली सॉस और चटनी, अब स्ट्रीट फूड और होटलों में चलेगा अभियान
file photo
पटना। पटना के स्ट्रीट फूड कॉर्नर में अगर आप फास्ट फूड का सेवन करते हैं तो पहले इस खबर को पढ़ लें। स्ट्रीट फास्ट फूड कार्नरों पर आपके प्लेट में चटनी और सॉस की जगह जहर परोसा जा रहा है। जिससे आप गंभीर रोगों से ग्रस्त हो सकते हैं। शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजधानी पटना के बेउर इलाके में छापामारी कर बड़ा खुलासा किया है। यहां नकली फैक्ट्री पकड़ी गई है, जहां 3 ब्रांड के टोमैटो सॉस, सोया सॉस और चटनी तैयार की जा रही थी। इन सामग्रियों के बाद विभाग अब पटना के स्ट्रीट फूड और होटलों में सॉस और चटनी को लेकर अभियान चलायेगी।
एक माह के अंदर खाद्य सुरक्षा विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। बेउर के कुशवाहा चौक के गंगा विहार कॉलोनी में अनवी इंटरप्राइजेज के नाम से फैक्ट्री चल रही थी। यहां 4 माह से अवैध रूप से नकली सामान तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। पटना के जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि बेउर इलाके में नकली सॉस चटनी की फैक्ट्री चल रही है, जहां से शहर के कई इलाकों में स्ट्रीट फूड कॉर्नर पर इसकी सप्लाई की जाती है। इसके बाद एक टीम बनाई गई और ताबड़तोड छापेमारी की गई। कंपनी के पास कोई लाइसेंस भी नहीं था। यहां तीन प्रकार के सॉस की लगभग 100 से अधिक बोतलों को बरामद किया गया है। फैक्ट्री के कर्मियों से पता चला है कि स्ट्रीट फूड में यहां से अधिक संख्या में सप्लाई हो रही थी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और यहां से बरामद किए गए सामान को जांच के लिए भेजा गया है। ताकि यह पता चल सके कि इसमें किस तरह के केमिकल मिलाए जा रहे थे। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी का कहना है कि अब पटना के स्ट्रीट फूड और होटलों में सॉस और चटनी को लेकर अभियान चलाया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि ठेलों और होटलों में परोसे जाने वाली चटनी की क्वालिटी कैसी है। अगर होटलों या स्ट्रीट फूड में कुछ गड़बड़ी मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
बता दें बीते 26 मार्च को पटना सिटी के महाराजगंज में छापामारी कर अवैध फैक्ट्री से मिलावटी सॉस और चटनी की बड़ी खेप बरामद की गई थी।


