पटना में तैयार हो रही थी नकली सॉस व चटनी, रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कॉर्नर पर होती है सप्लाई, हल्दी और दालचीनी में भी मिलावट

file photo

पटना। अगर आप फास्ट फूड के शौकीन हैं तो पहले इस खबर को पढ़ लें। जब आप जानेंगे की किस तरह की सॉस और चटनी का सेवन कर रहे हैं तो आपके होश उड़ जाएंगे। पटना में रेस्टोरेंट और फास्ट फूड कॉर्नर पर नकली सॉस व चटनी की धड़ल्ले से सप्लाई हो रही है। होली पर्व के आड़ में बाजार में सोया, चिली और टोमैटो सॉस की नकली खेप को खपाने की तैयारी चल रही थी। इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी में हुआ है। इसके लिए फैक्ट्री में रातों-रात माल तैयार किया जा रहा था।
नकली सोया, चिली और टोमैटो सॉस बन रहा था
पटना सिटी के महाराजगंज के राजपूताना इलाका में स्थित विजय फूड प्रोडक्ट में जब नकली सोया, चिली और टोमैटो सॉस बनाने की भनक खाद्य सुरक्षा विभाग को लगी तो हरकत में आ गई और टीम बनाकर छापेमारी की गई। टीम जब विजय फूड प्रोडक्ट पहुंची तो सॉस और चटनी की बड़ी खेप अवैध रूप से तैयार की जा रही थी। टीम ने टोमैटो सॉस, सोया सॉस और चिली सॉस की खेप को जब्त कर जांच के लिए नमूना भेज दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने फैक्ट्री को बंद करा दिया है। मिलावट की पुष्टि होने पर फैक्ट्री पर जुर्माना और सजा हो सकता है।
अगले आदेश तक बंद करायी गई फैक्ट्री
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि निर्माण स्थल पर बड़ी खामियां मिली हैं जो लोगों को बीमार बनाने वाली है। हाइजीन का ख्याल जरा भी नहीं रखा जा रहा था। जो भी उत्पाद तैयार किये जा रहे थे, उस पर कोई बैच नंबर नहीं था। ऐसा किया जाना एफएसएसएआई की धारा के तहत अपराध है। नियमों की अवहेलना करना सेहत के साथ खिलवाड़ करना है। ऐसे उत्पादों के सेवन से लोगों को बड़ा नुकसान हो सकता है। इस कारण से फैक्ट्री को अगले आदेश तक बंद करा दिया गया है।
इन दुकानों में होती है नकली चटनी और सॉस की सप्लाई
पटना समेत इससे सटे जिलों के हर गली-मोहल्ले में ठेले और छोटे-छोटे दुकानों पर ऐसी ही सॉस और चटनी की सप्लाई होती है। दुकानदार लीटर और किलो के भाव से खरीदते हैं और फिर इसे प्लास्टिक की बोतल में भरकर ग्राहकों को परोसते हैं। ऐसे दुकानों पर ब्रांडेड कंपनी की चटनी और सॉस नहीं दिखती है।
हल्दी और दालचीनी में भी मिलावट
यहीं नहीं, इसके अलावा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मारुफगंज मंडी से मिलावट का एक और खेल उजागर किया। यहां हल्दी और मसालों में रंग की मिलावट की जा रही थी। आधा दर्जन दुकानों से टीम ने नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। खड़ी हल्दी और दालचीनी के साथ अन्य कई मसालों का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।